लखनऊ में रामकिशोर हत्याकांड का खुलासा, सूफिया बानो समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- 17 सितंबर को कविता देवी की तहरीर पर केस दर्ज हुआ था।
- जांच के दौरान पुलिस ने चार टीमें गठित की थीं।
- ई-रिक्शे के संभावित रास्तों के 170 से 180 कैमरों की फुटेज देखी गई।
लखनऊ में प्रेम संबंध में बाधा बन रहे पति रामकिशोर वाल्मीकि की कथित हत्या कर शव को लकड़ी के बक्से में छिपाने और बाद में ई-रिक्शे से नहर के नीचे फेंकने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। मोहनलालगंज पुलिस ने शुक्रवार को सूफिया बानो समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक नाबालिग को भी संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू और ई-रिक्शा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को कविता देवी की तहरीर पर हत्या और शव छिपाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें बनाई गई थीं। टीमों ने ई-रिक्शे के संभावित रास्तों पर लगे करीब 170 से 180 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
प्रेम संबंध को लेकर बढ़ा विवाद
पुलिस पूछताछ में सूफिया ने बताया कि रामकिशोर के साथ उसका करीब चार साल से संबंध था और करीब दो साल पहले दोनों ने निकाह किया था। पुलिस के मुताबिक, बाद में रामकिशोर को सूफिया के मुन्ना उर्फ मुच्छड़ के साथ संबंधों की जानकारी हुई, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद होने लगा। रामकिशोर अपनी पहली पत्नी कविता के पास जाने के साथ उसे खर्च भी देने लगा था, जिसका सूफिया विरोध करती थी।
पुलिस के अनुसार, 14/15 सितंबर की रात सूफिया ने मुन्ना और उसके साथी मो. इकबाल उर्फ वसीर अहमद को घर बुलाया। दरवाजा खुला छोड़ने के बाद दोनों घर के अंदर पहुंचे और सो रहे रामकिशोर पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
बक्से में छिपाया गया शव
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद फर्श की लिपाई कर सबूत मिटाने का प्रयास किया गया। इसके बाद सूफिया ने अपने करीब 16 वर्षीय बेटे को बुलाया। सभी ने शव को लकड़ी के बक्से में रखा और उसे बिस्तर के नीचे छिपा दिया।
15/16 सितंबर की रात शव को ई-रिक्शा लोडर में रखकर कनकहा के पास भावाखेड़ा नहर पुलिया के नीचे फेंक दिया गया। पुलिस ने मो. इकबाल, मुन्ना उर्फ मुच्छड़ और सूफिया बानो को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है।
पत्नी ने तवे से हमला कर पति की जान ली थी
इसी तरह कुछ दिन पहले जानकीपुरम इलाके में घरेलू विवाद के बाद पत्नी ने पति पर तवे से कई बार हमला किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। यह घटना गुरुवार शाम की है। गंभीर हालत में ऑटो चालक आशीष सोनी उर्फ शनि (40) को पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की मां मिथलेश ने पुलिस को दी तहरीर में बहू तपस्या समेत छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी आशीष के साथ मारपीट की गई थी और उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.