संभल: ग्लाइंडर में शव के टुकड़े, नाले और गंगा में फेंके अंग; पत्नी-प्रेमी गिरफ्तार

संभल (चंदौसी): मेरठ की चर्चित हत्या की तर्ज पर संभल जिले के चंदौसी में भी एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की नृशंस हत्या कर दी। आरोप है कि पहले हथौड़े और लोहे की रॉड से वार कर पति की जान ली गई, फिर शव को ग्लाइंडर से कई टुकड़ों में काट दिया गया। सिर, हाथ और पैर अलग कर दिए गए, जबकि धड़ को नाले में फेंक दिया गया।
इतना ही नहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद पत्नी ने पुलिस थाने में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी, ताकि शक से बचा जा सके।
शव की पहचान से खुला राज
पुलिस के अनुसार, 15 दिसंबर को नगर से सटे पत्रुआ गांव के नाले में एक सड़ा-गला और क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था, जिसमें सिर और हाथ-पैर नहीं थे। दो दिन बाद शव के कटे हुए एक हाथ पर ‘राहुल’ नाम गुदा मिला, जिससे पहचान की दिशा में जांच आगे बढ़ी।
जांच के दौरान पता चला कि चंदौसी के चुन्नी मोहल्ला निवासी रूबी ने करीब एक माह पहले अपने पति राहुल की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पूछताछ और छानबीन में सामने आया कि रूबी के मोहल्ले के ही युवक गौरव से अवैध संबंध थे, जिसका राहुल विरोध करता था।
आपत्तिजनक स्थिति के बाद रची हत्या की साजिश
पुलिस का कहना है कि 18 नवंबर को राहुल ने रूबी और गौरव को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसी दौरान विवाद बढ़ा और राहुल ने दोनों को बदनाम करने की धमकी दी। इसके बाद रूबी और गौरव ने मिलकर राहुल की हत्या की योजना बनाई। हत्या के बाद शव के टुकड़े करने के लिए 19 नवंबर को गौरव ने बाजार से ग्लाइंडर खरीदा, जबकि रूबी पॉलीथिन के बैग लेकर आई।
आरोप है कि सिर और कटे हुए हाथ-पैरों को बैग में भरकर राजघाट गंगा में बहा दिया गया, जबकि धड़ को पत्रुआ गांव के नाले में फेंक दिया गया। पुलिस को नाले से धड़ तो मिल गया, लेकिन सिर और अन्य अंग अब तक बरामद नहीं हो सके हैं।
आरोपित गिरफ्तार, सामान बरामद
पुलिस ने रूबी की निशानदेही पर शव ले जाने में इस्तेमाल की गई स्कूटी, एक चारपहिया वाहन, ग्लाइंडर और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि हत्या के आरोप में रूबी और उसके प्रेमी गौरव के खिलाफ चालान किया गया है। दोनों ने अपराध स्वीकार किया है। मृतक राहुल के सिर, हाथ और पैर अभी बरामद नहीं हुए हैं। मामले को मजबूत करने के लिए डीएनए सैंपल भी लिए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.