शिवा शर्मा केस में एक और गिरफ्तारी, श्रद्धा दुबे के बॉयफ्रेंड आमिर को STF ने पकड़ा

HIGHLIGHTS
- आमिर पर नौ अक्टूबर 2026 की घटना के बाद श्रद्धा को फरार कराने में मदद का आरोप है।
- जांच में फर्जी पहचान पत्र के जरिए सिम कार्ड हासिल करने की बात सामने आई है।
- पुलिस और एसटीएफ श्रद्धा के नेटवर्क और नेपाल से जुड़े संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं।
लखनऊ: राजधानी के युवा कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई जारी है। मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश की मंगलवार को नागपुर से गिरफ्तारी के बाद अब उनके मददगारों पर भी शिकंजा कसने लगा है। इसी कड़ी में श्रद्धा के ब्वॉयफ्रेंड मोहम्मद आमिर शेख को भी गिरफ्तार किया गया है।
श्रद्धा दुबे के वायरल ऑडियो में आमिर का नाम सामने आया था। आरोप है कि उसने घटना के बाद श्रद्धा को नेपाल सीमा तक पहुंचाने में मदद की थी। बताया जा रहा है कि आमिर अपनी स्विफ्ट कार से श्रद्धा और उसकी बहन को बहराइच के रूपईडीहा स्थित भारत-नेपाल सीमा तक लेकर गया था। वह श्रद्धा को गाड़ियां और चालक भी उपलब्ध कराता था।
लखनऊ पुलिस और एसटीएफ के मुताबिक, आमिर पर नौ अक्टूबर 2026 की घटना के बाद श्रद्धा को नेपाल बॉर्डर तक भगाने और फर्जी पहचान पत्र का इस्तेमाल कर सिम कार्ड उपलब्ध कराने का आरोप है। बताया गया है कि उसने फर्जी आईडी के जरिए नेपाल का सिम कार्ड लिया था, जिसका इस्तेमाल श्रद्धा के फरार होने में मदद के लिए किया गया।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद श्रद्धा अपनी बहन रश्मि दुबे और ब्वॉयफ्रेंड आमिर के साथ नेपाल भाग गई थी। शिवा की मौत के समय भी आमिर मौके पर मौजूद था। पुलिस और एसटीएफ अब श्रद्धा की मदद करने वाले अन्य लोगों और उसके नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।
आमिर से पूछताछ के जरिए एसटीएफ श्रद्धा के दूसरे मददगारों और नेपाल से जुड़े संपर्कों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है। जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाए जाने की उम्मीद है।
श्रद्धा दुबे के अन्य मददगार अब भी फरार
शिवा शर्मा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे गिरफ्तार हो चुकी है, लेकिन उसके अन्य मददगारों की तलाश अभी जारी है। पुलिस अब तक उन लोगों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जिन्हें श्रद्धा का पंटर बताया जा रहा है।
श्रद्धा के वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग में भी इन पंटरों का जिक्र सामने आया है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल पुलिस के पास उनकी गिरफ्तारी के लिए कोई ठोस सुराग नहीं है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.