एअर इंडिया की फ्लाइट में सुरक्षा अलर्ट, दिल्ली के बजाय जयपुर में हुई लैंडिंग

HIGHLIGHTS
- फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 जयपुर डायवर्ट की गई।
- सुरक्षा एजेंसियों ने विमान और यात्रियों के सामान की जांच की।
- शुरुआती जानकारी में बम की धमकी और हाईजैक की बात सामने आई थी।
फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 को सुरक्षा अलर्ट मिलने के बाद जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। विमान को जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। शुरुआती जानकारी में बम की धमकी और हाईजैक की बात सामने आई थी। हालांकि, एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने अमर उजाला को बताया कि अभी तक हाईजैक की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर तलाशी
जयपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद विमान को एक अलग स्थान पर ले जाया गया, जिसे आइसोलेशन बे कहा जाता है। यहां सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने विमान की तलाशी ली। यात्रियों के सामान की भी जांच की गई।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया।
भारतीय हवाई क्षेत्र के करीब मिला सुरक्षा अलर्ट
बताया जा रहा है कि विमान भारतीय हवाई क्षेत्र के नजदीक पहुंच रहा था, तभी सुरक्षा अलर्ट मिला। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) और सुरक्षा एजेंसियों को इसकी सूचना दी गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को दिल्ली के बजाय जयपुर भेजने का फैसला लिया गया।
बम की धमकी या हाईजैक की अफवाह?
एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर अमर उजाला को बताया कि मामला बम की धमकी का नहीं, बल्कि हाईजैक की अफवाह का था। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जांच अभी जारी है। ऐसे में फिलहाल किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
खबर लिखे जाने तक एयरपोर्ट प्रशासन और एअर इंडिया की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। सुरक्षा अलर्ट किस तरह मिला और इसके पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।
पहले भी विमान की करानी पड़ी थी इमरजेंसी लैंडिंग
एअर इंडिया ग्रुप के विमान से जुड़ी ऐसी घटना इससे पहले 31 अगस्त 2026 को हुई थी। उस समय सऊदी अरब के दम्माम से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-170 के टॉयलेट में ‘BOMB’ लिखा टिश्यू पेपर मिला था। इसके बाद पायलट ने विमान को अहमदाबाद की ओर डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग कराई थी।
विमान में सवार सभी 32 यात्री सुरक्षित थे। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.