उदयपुर में भीषण सड़क हादसा, दो मेडिकल छात्रों की मौत; दो गंभीर घायल

HIGHLIGHTS
- कार में पैसिफिक मेडिकल कॉलेज के चार एमबीबीएस छात्र सवार थे।
- वाहन देबारी से अंबेरी की ओर जा रहा था।
- डिवाइडर से टकराने के बाद कार दूसरी लेन में पहुंच गई।
उदयपुर के देबारी-अंबेरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रतापनगर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार दो मेडिकल छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तेज रफ्तार कार पहले अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और इसके बाद उछलकर दूसरी लेन में सामने से आ रहे भारी ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसा शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे प्रतापनगर थाना क्षेत्र में रामदेवजी मंदिर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुआ। कार में चार छात्र सवार थे, जो देबारी से अंबेरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और सड़क की दूसरी लेन में पहुंचकर सामने से आ रहे भारी ट्रेलर से टकरा गई।
दुर्घटना में दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा ने बताया कि कार में सवार चारों छात्र उदयपुर के उमरड़ा स्थित पैसिफिक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे थे। मृतकों में मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी उदय बंसल और छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी रुचिका परिहार (25) शामिल हैं।
वहीं हरियाणा निवासी शशांक सिंह और कार में सवार एक अन्य छात्रा गंभीर रूप से घायल हुई हैं। पुलिस घायल छात्रा के नाम और पहचान की पुष्टि करने में जुटी है।
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर प्रतापनगर थानाधिकारी अजय सिंह राव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार और ट्रेलर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू कराया गया।
पुलिस ने दोनों गंभीर घायलों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। दोनों मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.