हापुड़ में दर्दनाक सड़क हादसा, बरातियों की गाड़ी की टक्कर में 3 की मौत, 9 घायल

HIGHLIGHTS
- हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में NH-9 पर भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।
- बरात में जा रहा वाहन गाय से टकराने के बाद दूसरी लेन में पहुंचा और सामने से आ रहे वाहन से भिड़ गया।
- हादसे में नौ लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ स्थित गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-9 पर रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
बरात में शामिल लोग जा रहे थे बिजनौर
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के मुस्तफाबाद से सलमान के भाई की बरात बिजनौर जा रही थी। बरात में शामिल लोग एक वाहन में सवार थे। जैसे ही वाहन गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-9 पर असली सेवा ढाबे के पास पहुंचा, तभी अचानक सामने एक गाय आ गई।
गाय से टकराने के बाद वाहन दूसरी लेन में पहुंचा
गाय से टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चला गया। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अन्य वाहन से उसकी जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में बिजनौर निवासी सरफराज, अफजाल और दिल्ली निवासी अबरार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
नौ लोग गंभीर रूप से घायल
हादसे में इस्तखार, अफरार, शाहबाज, जुबैर, सरताज समेत कुल नौ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मेरठ और हापुड़ के अस्पतालों में रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात को सुचारु कराया गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
शादी की खुशियां बदलीं मातम में
इस दर्दनाक हादसे के बाद बरात की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घायल अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
एसपी ने दी हादसे की जानकारी
मौके पर पहुंचे एसपी विनीत भटनागर ने जांच की। उन्होंने बताया कि घायलों का उपचार जारी है और हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि सामने पशु आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे की दूसरी साइड चला गया, जहां सामने से आ रहे वाहन से उसकी टक्कर हो गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.