हापुड़ में सराफ की दुकान पर युवती ने पानी समझकर पिया केमिकल, हालत गंभीर

HIGHLIGHTS
- हापुड़ में सराफ की दुकान पर युवती की तबीयत बिगड़ी, आरोप है कि पानी समझकर पी गई बोतल में संदिग्ध केमिकल था।
- युवती को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया, पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
- सराफ, दुकानदार और बोतल लाने वाले किशोर से पूछताछ जारी, बोतल में मौजूद पदार्थ की जांच के बाद स्थिति साफ होगी।
हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के अर्जुन नगर में जेवर खरीदने पहुंची एक युवती की हालत कथित तौर पर पानी की बोतल से कुछ संदिग्ध पदार्थ पीने के बाद बिगड़ गई। युवती को गंभीर स्थिति में मेरठ रेफर किया गया है।
परिजनों के अनुसार, अर्जुन नगर निवासी रिया शुक्रवार शाम अपनी मां अंजना राघव के साथ स्थानीय सराफ की दुकान पर आभूषण खरीदने गई थी। इसी दौरान प्यास लगने पर उसने दुकानदार से पानी मांगा।
बताया जा रहा है कि दुकानदार ने पास की दुकान से बोतलबंद पानी मंगवाया। एक किशोर पानी की बोतल लेकर आया, जिसे खोलने के बाद युवती ने पानी समझकर दो घूंट पी लिए। इसके तुरंत बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसने दुकान के बाहर उल्टियां शुरू कर दीं।
गंभीर हालत में मेरठ रेफर
परिजन युवती को तुरंत गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
CCTV फुटेज की जांच कर रही पुलिस
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिली है। फुटेज में युवती बोतल से कुछ पीती हुई दिखाई दे रही है। उन्होंने बताया कि सराफ, पास की दुकान संचालक और बोतल लाने वाले किशोर से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि बोतल में क्या पदार्थ था।
परिवार ने जताई आशंका
युवती की मां अंजना राघव ने बताया कि बोतल पूरी तरह सीलबंद और ठंडी थी। उन्होंने कहा कि पहले सराफ ने बोतल उन्हें पीने के लिए दी थी, लेकिन ठंडा होने के कारण उन्होंने उसे अपनी बेटी को दे दिया।
परिजनों का दावा है कि बाद में बोतल के अंदर मौजूद पदार्थ को फर्श पर डालने पर उसमें से तेजाब जैसी गंध महसूस हुई और उसमें अलग तरह की प्रतिक्रिया दिखाई दी।
पुलिस कर रही पदार्थ की जांच
पुलिस के मुताबिक बोतल एक प्रतिष्ठित पानी कंपनी की बताई जा रही है। अधिकारियों ने नमूने और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.