मुजफ्फरनगर में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत, 2 लाख से अधिक दीपों से दिया सेवा का संदेश

HIGHLIGHTS
- अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।
- बैठक में 13 प्रमुख कार्यक्रमों की समीक्षा हुई।
- 17 सितंबर को 11 स्थानों पर दीपदान होगा।
मुजफ्फरनगर। सेवा संकल्प अभियान को लेकर गुरुवार दोपहर 2 बजे विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद के प्रभारी मंत्री और उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग सोमेंद्र तोमर ने की।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
प्रभारी मंत्री सोमेंद्र तोमर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी कार्यों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान के सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना है। कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए संबंधित विभागों को गंभीरता से कार्य करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के धरातल पर पड़ने वाले प्रभाव को सामने लाने के लिए अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा।
13 प्रमुख कार्यक्रमों की योजना की समीक्षा
बैठक में अभियान के तहत प्रस्तावित 13 प्रमुख कार्यक्रमों की योजना वार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने प्रभारी मंत्री को बताया कि संबंधित विभागों को तिथिवार कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं।
मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने बताया कि अभियान के दौरान सरकारी योजनाओं से लाभ पाने वाले नागरिकों और विकास कार्यों से हुए सकारात्मक बदलावों की जानकारी व्यवस्थित तरीके से संकलित की जाएगी।
सफलता की कहानियों का होगा प्रचार-प्रसार
अभियान के तहत ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम में लाभार्थियों की सफलता की कहानियां, फोटो और वीडियो एकत्र किए जाएंगे। इसके बाद इनका प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर की शाम 7 बजे सुकतीर्थ समेत 11 स्थानों पर दीपदान का आयोजन किया जाएगा।
वहीं, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत विद्यालय स्तर पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। ‘नमो सेवा गाथा’ कार्यक्रम के अंतर्गत नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.