पठानकोट में BSF ने पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया, अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तड़के हुई घटना

HIGHLIGHTS
- पंजाब के पठानकोट में BSF जवानों ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया।
- घटना शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे की है।
- घुसपैठ की कोशिश उझ नदी के पास पहाड़पुर बॉर्डर पोस्ट इलाके में हुई।
पठानकोट। पंजाब में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को गोली मारकर मार गिराया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, घटना पठानकोट में उझ नदी के पास पहाड़पुर बॉर्डर पोस्ट इलाके में शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे हुई। घुसपैठिए को रुकने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन वह अंतरराष्ट्रीय सीमा की ओर बढ़ता रहा। इसके बाद BSF के जवानों ने उस पर गोली चला दी।
सर्दियों में बढ़ जाती हैं ऐसी घटनाएं
सर्दियों का मौसम शुरू होते ही सीमावर्ती इलाकों में इस तरह की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इसी को देखते हुए बॉर्डर क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
सर्दियों के दौरान सामने आने वाली संभावित चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस पर खास निगरानी रखी जा रही है। इसका उद्देश्य धुंध का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों को किसी भी तरह की गतिविधि को अंजाम देने से रोकना है।
सीमा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज
इसी के तहत पुलिस और BSF की ओर से मिलकर सीमावर्ती इलाकों में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस की सुरक्षा को लेकर भी जरूरी कदम उठाए गए हैं। प्रत्येक पुलिस नाके पर तैनात कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने और सख्ती से निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा के लिहाज से यह इलाका बेहद संवेदनशील है। इसकी एक ओर भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा लगती है, जबकि जिले के इस क्षेत्र की सीमा जम्मू-कश्मीर से भी जुड़ती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.