चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव से पहले भाजपा में बगावत, पूर्व डिप्टी मेयर अनिल दुबे ने छोड़ी पार्टी

HIGHLIGHTS
- चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव से पहले भाजपा में बगावत शुरू हो गई है।
- पूर्व डिप्टी मेयर अनिल दुबे ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
- अनिल दुबे के साथ कई अन्य भाजपा नेताओं ने भी पार्टी छोड़ दी है।
चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा होते ही भाजपा में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी मेयर अनिल दुबे के इस्तीफे के बाद कई अन्य नेताओं ने भी भाजपा से नाता तोड़ लिया है।
शहर के अलग-अलग वार्डों में पार्टी छोड़ने वाले नेता अब बागी उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। भाजपा के पूर्व वरिष्ठ नेता देशराज गुप्ता के बेटे विकास गुप्ता ने भी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
मौलीजागरा में शुक्रवार देर रात अनिल दुबे ने अपने समर्थकों की जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। दुबे का कहना था कि पार्टी में पुराने कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया गया, जबकि दूसरी पार्टियों से आए लोगों को प्राथमिकता दी गई।
अनिल दुबे के साथ भाजपा छोड़ने वालों में ओबीसी मोर्चा के आईटी सेल इंचार्ज धीरज कुमार राजभर, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव ओमप्रकाश यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष महेंद्रनाथ दुबे और भाजपा पूर्वांचल प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद दुबे शामिल हैं।
इधर, भाजपा कार्यालय में शहर के विभिन्न वार्डों से पहुंचे लोगों ने टिकट वितरण के विरोध में प्रदर्शन किया। वार्ड नंबर 27 की मंडल जी टीम ने भी विरोध जताते हुए चुनाव से दूरी बनाने का फैसला किया है। इस वार्ड में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुई पार्षद को पार्टी ने टिकट दिया है।
वार्ड नंबर 21 में प्रत्याशी के चयन को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। पिछले 30 वर्षों से भाजपा से जुड़े रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान सुखविंदर सिंह सुखी ने टिकट आवंटन के फैसले को गलत बताया।
इस वार्ड से सुखविंदर सिंह सुखी की पत्नी पूनम भी टिकट की दावेदार थीं। उम्मीदवारों की घोषणा के बाद उनके घर पहुंचे पार्टी नेताओं को विरोध का सामना करना पड़ा और उन्हें घर से वापस लौटना पड़ा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.