पत्नी को मनाने ससुराल पहुंचा पति, सास को टेंपो से कुचलकर मार डाला; पड़ोसी की टांग काटी

HIGHLIGHTS
- होशियारपुर के न्यू दीप नगर में सोमवार रात हुई वारदात।
- पत्नी को मनाने ससुराल पहुंचा था बलजीत सिंह।
- सास हरभजन कौर और साले के साथ कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद।
होशियारपुर। मोहल्ला न्यू दीप नगर में पत्नी को मनाने पहुंचे एक व्यक्ति ने विवाद के बाद अपनी सास को टेंपो ट्रैवलर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए पड़ोसी को भी उसने गाड़ी से कुचल दिया, जिससे उसकी टांग कट गई।
घायल पड़ोसी को पहले सरकारी अस्पताल होशियारपुर में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। थाना पुरहीरां पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, भागोवाल निवासी बलजीत सिंह टेंपो ट्रैवलर चलाता है। उसकी शादी न्यू दीप नगर की रहने वाली रछपाल कौर से हुई थी। पति-पत्नी के बीच विवाद होने के बाद रछपाल कुछ दिन पहले अपने मायके चली आई थी।
शोर सुनकर घर पहुंचे पड़ोसी जसबीर
सोमवार रात बलजीत अपनी पत्नी को मनाने के लिए ससुराल पहुंचा था। वहां बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर उसकी सास हरभजन कौर और साले के साथ कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर घर में तेज आवाज में बहस होने लगी।
आवाज सुनकर पड़ोसी जसबीर सिंह उर्फ काका गुज्जर वहां पहुंच गया। उसने दोनों पक्षों से शांतिपूर्वक बातचीत करने की अपील की। आरोप है कि इसी दौरान बलजीत ने टेंपो ट्रैवलर स्टार्ट किया और हरभजन कौर को कुचल दिया। इस घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद जब बलजीत वहां से भागने लगा तो जसबीर ने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि बलजीत ने जसबीर को भी टेंपो ट्रैवलर से कुचल दिया।
जसबीर की हालत गंभीर
इस घटना में जसबीर की टांग कट गई। उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल होशियारपुर पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया।
पुलिस ने बलजीत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, अभी तक रछपाल और बलजीत के बीच विवाद की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.