मोगा में AAP की रैली: केजरीवाल ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, 2027 के लिए मांगा समर्थन

HIGHLIGHTS
- मोगा में आम आदमी पार्टी की रैली में अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान पहुंचे।
- केजरीवाल ने सरकार की सभी गारंटियां पूरी होने का दावा किया और 2027 के लिए वोट मांगे।
- भगवंत मान ने अपने संबोधन में अकाली दल पर तीखे हमले किए।
मोगा। आम आदमी पार्टी की मोगा में आयोजित रैली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान पहुंचे। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि सरकार ने सभी गारंटियां पूरी की हैं। उन्होंने मान सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए वर्ष 2027 के चुनाव के लिए जनता से समर्थन मांगा। वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने संबोधन में अकाली दल पर जमकर निशाना साधा। रैली में स्मार्ट राशन कार्ड बांटने की शुरुआत भी की गई।
रैली से पहले तैयारियों के दौरान एक हादसा भी हुआ, जिसमें एक युवक की जान चली गई। यह घटना सुबह करीब 9:30 बजे रैली स्थल के मीडिया ब्लॉक में हुई। जानकारी के मुताबिक, तैयारियों के बीच वहां लगी कॉफी मशीन अचानक फट गई। मशीन का एक टुकड़ा वहां काम कर रहे विकास कुमार के सिर पर जा लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि विकास रैली स्थल पर काम करने के लिए आया था।
पार्टी का दावा है कि सरकार ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में किए गए वादों और पांच बड़ी गारंटियों को पूरा कर दिया है। रैली में इन्हीं उपलब्धियों को आधार बनाकर लोगों से समर्थन मांगा गया।
संविधान दिवस पर सुनील जाखड़ ने केजरीवाल और सिसोदिया से पूछे सवाल
पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने संविधान दिवस के मौके पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पर निशाना साधा।
उन्होंने सवाल किया कि संविधान दिवस मनाने वाले केजरीवाल और सिसोदिया यह बताएं कि भारतीय संविधान में कहां लिखा है कि चुनाव जीतने के लिए साम, दाम, दंड, भेद, आपसी फूट डालने, लड़ाई करवाने और झूठ का सहारा लेने की छूट दी गई है।
जाखड़ ने केजरीवाल के प्रस्तावित मोगा दौरे पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 में पंजाब दौरे के दौरान केजरीवाल ऐसे व्यक्ति के घर ठहरे थे, जो गंभीर आरोपों का सामना कर रहा था। जाखड़ ने पूछा कि क्या केजरीवाल मोगा दौरे के समय उस व्यक्ति को भी आम आदमी पार्टी में शामिल करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी पहले ही पंजाब में अपराधियों को पार्टी में जगह दे चुकी है और ऐसे लोगों के माध्यम से राज्य में अशांति का माहौल बनाया जा रहा है। जाखड़ के मुताबिक, पंजाब के लोग रोजाना इसका खामियाजा भुगत रहे हैं। सड़कों पर हो रही गोलीबारी राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति को दर्शाती है।
फरीदकोट में कर्मचारी नेताओं को हिरासत में लेने पर संगठनों में रोष
आम आदमी पार्टी की मोगा रैली को देखते हुए फरीदकोट जिला पुलिस ने कर्मचारी संगठनों के कुछ नेताओं को हिरासत में लिया और कुछ को उनके घरों में नजरबंद कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से कर्मचारी संगठनों में नाराजगी फैल गई। विरोध जताने के लिए विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि थाना सिटी पहुंच गए।
करीब दो घंटे तक चली तनातनी के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए नेताओं को छोड़ दिया। कर्मचारी नेताओं ने बताया कि वीरवार को मोगा में होने वाली रैली के दौरान संगठनों की ओर से किसी तरह का विरोध प्रदर्शन या कार्यक्रम तय नहीं किया गया था। इसके बावजूद पुलिस ने डीसी दफ्तर यूनियन के जिला प्रधान करण जैन को सुबह उनके घर से हिरासत में लेकर थाने में बंद कर दिया। वहीं, डेमोक्रेटिक टीचर फ्रंट के जिला प्रधान सुखविंदर सिंह सुक्खी को उनके घर में नजरबंद कर दिया गया।
इसकी जानकारी मिलने पर मिनिस्टीरियल कर्मचारी यूनियन के प्रांतीय नेता गुरनाम सिंह विर्क के नेतृत्व में कर्मचारी थाना सिटी पहुंच गए। विरोध के बाद करण जैन समेत अन्य कर्मचारियों को रिहा कर दिया गया।
गुरनाम सिंह विर्क ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि जिन मांगों को स्वीकार किया जा चुका है, उन्हें भी लागू नहीं किया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.