शामली में सनातन न्याय यात्रा को बम से उड़ाने की धमकी, पाकिस्तान से आई कॉल

कांधला (शामली)। शंकराचार्य की गद्दी और उससे जुड़े विवादों को लेकर प्रस्तावित ‘सनातन न्याय यात्रा’ को लेकर आशुतोष ब्रह्मचारी को पाकिस्तान के नंबरों से धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी में यात्रा को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है, जिसके बाद इलाके में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, कांधला निवासी और श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट (रजि.) मथुरा के अध्यक्ष आशुतोष ब्रह्मचारी को 1 जून की रात व्हाट्सएप पर पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय नंबर से तीन बार कॉल आई। कॉल करने वाले ने 9 जून से शुरू होने वाली प्रस्तावित सनातन न्याय यात्रा को निशाना बनाने की धमकी दी।
बताया जा रहा है कि यह यात्रा संगम से शुरू होकर मां शाकंभरी देवी, हरिद्वार और चारों धामों तक प्रस्तावित है। आशुतोष ब्रह्मचारी का कहना है कि यात्रा के उद्देश्य और उनकी धार्मिक सक्रियता को लेकर उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।
आरोप है कि कॉल करने वाले ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले में उनकी भूमिका का जिक्र करते हुए भी आपत्तिजनक बातें कहीं और विवादित टिप्पणियां कीं। इससे पहले भी उन्हें पाकिस्तान से धमकी मिलने की बात सामने आ चुकी है, जिस पर न्यायालय ने संज्ञान लेते हुए सुरक्षा के निर्देश जारी किए थे।
घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई। आशुतोष ब्रह्मचारी ने बताया कि उन्होंने कॉल रिकॉर्डिंग, स्क्रीनशॉट और अन्य साक्ष्य सुरक्षित कर लिए हैं, जिन्हें जांच एजेंसियों को सौंपा जाएगा।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और प्रस्तावित यात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और संबंधित नंबरों की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.