हरियाणवी गायक अंकित बालियान की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, हत्यारों के एनकाउंटर की मांग

HIGHLIGHTS
- पोस्टमार्टम के बाद अंकित बालियान का शव बंतीखेड़ा पहुंचा।
- अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्र के लोग शामिल हुए।
- लोगों ने लगाए 'अंकित बालियान अमर रहे' के नारे।
- हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग उठी।
शामली: पोस्टमार्टम के बाद हरियाणवी गायक अंकित बालियान का शव बृहस्पतिवार को उनके पैतृक गांव बंतीखेड़ा लाया गया। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्र के लोग उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। अंतिम संस्कार के दौरान लोगों ने ‘अंकित बालियान अमर रहे’ के नारे लगाए।
अंतिम यात्रा में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि अंकित की टारगेट बनाकर हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने और एनकाउंटर करने की मांग की। कुछ लोगों ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग भी उठाई। अंतिम यात्रा के दौरान लोगों ने अंकित की तस्वीर के साथ नारे लगाए। भीड़ में गायक के प्रशंसकों और युवाओं की संख्या भी काफी रही। दूसरी ओर, अंकित की मौत से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रिश्तेदार और मोहल्ले के लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे।
सोशल मीडिया पर छाया अंकित हत्याकांड, इंसाफ की मांग उठी
हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर भी शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोग अंकित को श्रद्धांजलि देने के साथ हत्याकांड का जल्द खुलासा करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनके प्रशंसक और करीबी लोग अंकित के साथ बिताए पलों की यादें भी साझा कर रहे हैं। इंस्टाग्राम पर जिक्रिया ने पोस्ट कर लिखा कि आई मिस यू भाई, आपको हर हाल में इंसाफ दिलाया जाएगा।
वहीं, भाकियू के जिलाध्यक्ष आशीष ने घटना को दुखद बताते हुए जल्द खुलासे की मांग की। दूसरी ओर, शहजाद ने अंकित के गाने की लाइन का जिक्र करते हुए लिखा कि क्या पता था भाई के गाने की लाइन लोग भाई पर ही आजमा देंगे। उन्होंने कहा कि अंकित अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी आवाज लोगों के दिलों में जिंदा रहेगी।
जिस गाने का इंतजार था, अब सिर्फ यादें रह गईं
अंकित का एक पुराना वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह अपने आने वाले गाने को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह कोर्ट वाले गाने के जल्द आने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं। वह प्रशंसकों से कहते नजर आते हैं कि उनका नया गाना लोगों को पसंद आएगा। जिस नए गाने का उनके प्रशंसकों को इंतजार था, उसकी जगह अब सोशल मीडिया पर अंकित की पुरानी तस्वीरें और वीडियो लोग साझा कर रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.