थप्पड़ कांड: राहुल गांधी का प्रवेश वर्मा पर हमला, बोले- वोट चोरी से आता है अहंकार

HIGHLIGHTS
- आम आदमी पार्टी ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया।
- युवक सड़क की खराब स्थिति का वीडियो बना रहा था।
- वीडियो में मंत्री और युवक के बीच तीखी झड़प दिखाई दे रही है।
दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा पर रविवार को राजधानी में सड़क निरीक्षण के दौरान कथित तौर पर भ्रष्टाचार को लेकर सवाल पूछने वाले एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। इस मामले को लेकर विपक्ष ने उन पर निशाना साधा है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मामले को लेकर प्रतिक्रिया दी।
राहुल बोले- सवाल पूछने पर थप्पड़
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि दिल्ली की भाजपा सरकार के एक मंत्री वीडियो में एक युवक को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवक का गुनाह सिर्फ इतना था कि वह वीडियो बना रहा था।
राहुल गांधी ने लिखा कि मंत्री के सामने सड़क खोदकर दिखाई जा रही थी और युवक के हाथ में कैमरा था। उन्होंने इसे ऐसी सत्ता का चेहरा बताया, जिसे अब वोटर से डर नहीं लगता।
उन्होंने कहा कि सड़क पर सवाल पूछने पर थप्पड़, पेपर लीक पर सवाल पूछने पर लाठी और संसद में सवाल पूछने पर माइक बंद किया जाता है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि उन्हें अब यह डर नहीं है कि चुनाव उन्हें सत्ता से हटा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी सिर्फ चुनावी नतीजे नहीं खरीदती, बल्कि उसके बाद आने वाला अहंकार भी खरीदती है।
उन्होंने कहा कि जो सरकार अपनी जीत को पक्का मान लेती है, उसे जनता की रजामंदी नहीं चाहिए, बल्कि उसकी खामोशी और अंधभक्ति चाहिए।
क्या है पूरा मामला
रविवार को आम आदमी पार्टी ने एक वीडियो साझा किया था। इसमें मंत्री प्रवेश वर्मा सड़क निरीक्षण के दौरान कथित तौर पर भ्रष्टाचार को लेकर सवाल पूछने वाले एक युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवक सड़क की खराब स्थिति का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच तीखी झड़प हुई। इसके बाद मंत्री ने युवक का फोन नीचे गिरा दिया और उसे थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद मंत्री के सुरक्षा गार्ड ने युवक को वहां से हटा दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.