सोनिया गांधी की पहली किताब 10 नवंबर को होगी लॉन्च, राजीव गांधी से पहली मुलाकात का किया जिक्र

HIGHLIGHTS
- सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम के बाद अब एक्स पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
- उनकी पहली किताब ‘बिलॉन्गिंग - अ जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर को लॉन्च होगी।
- करीब दो मिनट के वीडियो में उन्होंने राजीव गांधी से जुड़ी यादें साझा कीं।
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी इंस्टाग्राम के बाद अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी सक्रिय हो गई हैं। उन्होंने अपने पहले एक्स पोस्ट में आने वाली किताब का एक वीडियो साझा किया है। सोनिया गांधी की पहली किताब ‘बिलॉन्गिंग - अ जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर को लॉन्च होगी। इस किताब में उन्होंने राजीव गांधी के साथ बिताए पलों और अपने शुरुआती दिनों से लेकर अब तक के सफर को साझा किया है।
करीब दो मिनट के वीडियो में सोनिया गांधी ने बताया कि कैम्ब्रिज में उनकी मुलाकात राजीव गांधी से कैसे हुई थी। उन्होंने वीडियो में अपनी और राजीव गांधी की तस्वीरों के साथ उस रेस्तरां की तस्वीर भी दिखाई, जहां दोनों पहली बार मिले थे।
पहली बार कहां हुई मुलाकात?
अपने पहले एक्स पोस्ट में सोनिया गांधी ने लिखा, ‘कैम्ब्रिज के एक छोटे से ग्रीक रेस्तरां में मेरे प्यार का सफर शुरू हुआ। राजीव और मैंने प्यार, हंसी और यादों से भरी एक दुनिया बनाई। 10 नवंबर को, मैं उस दुनिया को आपके साथ साझा करूंगी।’
वीडियो में तस्वीरें दिखाते हुए सोनिया गांधी ने राजीव गांधी को बेहद आकर्षक और सौम्य व्यक्तित्व वाला इंसान बताया। जब उनसे पूछा गया कि राजीव गांधी से प्यार होने का अनुभव कैसा था, तो उन्होंने बताया कि उन दिनों इंग्लैंड में खाने की गुणवत्ता अच्छी नहीं थी। उस समय आज की तरह बड़ी संख्या में रेस्तरां भी नहीं हुआ करते थे। इसलिए वह हमेशा ऐसी जगह खोजती थीं, जहां उन्हें अपनी पसंद का इटैलियन खाना मिल सके।
उन्होंने बताया कि इसी तलाश के दौरान उन्हें वर्सिटी रेस्तरां मिला। यह एक ग्रीक रेस्तरां था, जहां कई यूरोपीय और भारतीय छात्र खाना खाने आते थे। इसी जगह उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी।
वीडियो में राजीव गांधी को याद करते हुए सोनिया गांधी ने कहा, ‘जब मैं उनसे पहली बार मिली, तो मुझे तुरंत महसूस हुआ कि वह ऐसे इंसान हैं जिनके साथ मैं रहना चाहूंगी और जाहिर है, उनके मन में भी मेरे लिए यही भावनाएं थीं।’
उन्होंने बताया कि राजीव गांधी से उनकी पहली मुलाकात एक कॉमन दोस्त के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों दोस्त बन गए। वे दोस्तों के साथ पार्टियों में जाने और घूमने-फिरने लगे। एक बार वे वैलेंटाइन पार्टी में भी गए थे, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे।
सोनिया गांधी ने कहा, ‘वह देखने में बहुत ही सौम्य इंसान लग रहे थे। बेशक, वह बहुत हैंडसम थे, लेकिन उनके व्यक्तित्व में वह सौम्यता साफ झलकती थी। इस बात ने मुझे सच में बहुत प्रभावित किया। इसलिए, उनसे पहली मुलाकात का वह पल मैं कभी नहीं भूल सकती।’
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.