सपा विधायक सुधाकर सिंह का निधन, मुख्तार के बेटे के रिसेप्शन से लौटते समय बिगड़ी थी तबीयत

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की चर्चित घोसी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह का गुरुवार सुबह लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके बेटे डॉ. सुजीत सिंह ने पिता की मृत्यु की पुष्टि की। उनके देहांत से पूरे राजनीतिक जगत में शोक की लहर फैल गई है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। सुधाकर सिंह 67 वर्ष के थे।
तबीयत बिगड़ने के बाद भर्ती थे अस्पताल
जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को दिल्ली में उमर अंसारी (मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे) के रिसेप्शन से लौटते समय उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी। दिल्ली एयरपोर्ट पर सांस लेने में दिक्कत हुई और वाराणसी पहुंचते-पहुंचते स्थिति गंभीर हो गई। उन्हें वहीं एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत लखनऊ रेफर किया गया।
मंगलवार को उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
लंबे समय से हृदय संबंधी परेशानी
विधायक के बेटे ने बताया कि सुधाकर सिंह को हृदय संबंधी बीमारी थी और वर्ष 2022 में उनका पेसमेकर लगाया गया था।
हाल के उपचुनाव में जीत से आए थे चर्चा में
घोसी उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को बड़े अंतर से हराने के बाद सुधाकर सिंह सुर्खियों में आए थे। उन्हें क्षेत्र के प्रभावशाली नेताओं में गिना जाता था और वे घोसी के ही मूल निवासी थे।
अखिलेश यादव पहुँचे अस्पताल
सुधाकर सिंह के निधन की ख़बर मिलते ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव मेदांता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और विधायक के देहांत पर दुःख व्यक्त किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.