कांवड़ यात्रियों के लिए यूपी में खास इंतजाम, सफाई से सुरक्षा तक 14 बिंदुओं पर फोकस
By Hitesh — July 22, 2026

HIGHLIGHTS
- यूपी में कांवड़ यात्रा को लेकर नगर विकास विभाग ने 14 बिंदुओं की कार्ययोजना तैयार की।
- यात्रा मार्गों पर सफाई, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया।
- कांवड़ शिविरों में सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक और रियल टाइम मॉनिटरिंग के निर्देश।
Author: — Dainik Dehat
लखनऊ। कांवड़ यात्रा को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए नगर विकास विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
प्रमुख सचिव नगर विकास पी. गुरुप्रसाद ने बुधवार को संबंधित नगरीय निकायों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने यात्रा मार्गों पर सफाई, पेयजल, शौचालय, सड़क सुरक्षा, प्लास्टिक प्रतिबंध और रियल टाइम मॉनिटरिंग समेत 14 प्रमुख बिंदुओं पर कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए।
इस बार विभाग ने कांवड़ यात्रा के साथ आने वाले त्योहारों को भी ‘जीरो प्लास्टिक’ और ‘जीरो वेस्ट’ आयोजन के रूप में कराने पर जोर दिया है। बैठक में निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के सभी मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए और श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।
कमांड सेंटर से होगी सफाई व्यवस्था की निगरानी
नगर निकायों की ओर से कराए जा रहे सफाई कार्यों की निगरानी जिला कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से की जाएगी। इसके अलावा जिला और प्रदेश स्तर से भी लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।
कांवड़ मार्गों और शिवालयों के आसपास पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि नियमित रूप से सफाई व्यवस्था बनी रहे।
मोबाइल शौचालय और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था
यात्रा मार्गों और शिविर स्थलों पर पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग मोबाइल एवं अस्थायी शौचालय लगाए जाएंगे। इनकी दिन में कम से कम दो बार सफाई और सैनिटाइजेशन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए निकायों को सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार कर कांवड़ मार्गों पर ब्लीचिंग पाउडर, चूना और मैलाथियान डस्ट का नियमित छिड़काव कराने को कहा गया है।
इसके अलावा नालों और नालियों की सफाई, सड़क किनारे उगी झाड़ियों व पौधों की कटाई-छंटाई भी समयबद्ध तरीके से कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सिंगल यूज प्लास्टिक पर रहेगी रोक
बैठक में कांवड़ शिविरों में सिंगल-यूज प्लास्टिक और थर्मोकोल से बने उत्पादों के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग और डिस्पोजेबल सामान के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा गया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए कांवड़ मार्गों को गड्ढामुक्त कराने, बिजली के खंभों से जुड़े ढीले और लटकते तारों को सुरक्षित करने तथा आवारा और बेसहारा पशुओं को पकड़कर कान्हा गोशालाओं में भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर विकास विभाग का कहना है कि इन व्यवस्थाओं से यात्रा के दौरान दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.