बीएचयू में सोनम वांगचुक के समर्थन में छात्रों का न्याय मार्च, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

HIGHLIGHTS
- बीएचयू में छात्रों ने निकाला न्याय मार्च, सोनम वांगचुक के समर्थन और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
- मार्च के दौरान छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच नोकझोंक हुई, धक्कामुक्की में कई छात्र-छात्राएं भीड़ में गिर गए।
- छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और परीक्षा सुधार की मांग की, आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।
सोनम वांगचुक के समर्थन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बीएचयू में छात्रों ने न्याय मार्च निकाला। छात्रों ने विश्वनाथ मंदिर से महिला महाविद्यालय तक मार्च किया। इस दौरान करीब 3000 से अधिक छात्र-छात्राओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच कई घंटों तक नोकझोंक हुई।
पोस्टर और तख्तियां लेकर पहुंचे छात्रों तथा डंडे लिए सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। इस दौरान कई छात्र और छात्राएं भीड़ के बीच गिर गए। छात्रों ने परिसर में खड़े वाहनों और दीवारों पर चढ़कर सोनम वांगचुक के समर्थन में नारे लगाए और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
विश्वनाथ मंदिर से महिला महाविद्यालय तक निकाले गए इस छात्र न्याय मार्च की जानकारी छात्रों ने पहले ही पुलिस को दे दी थी। हालांकि, अचानक इतनी बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने की उम्मीद नहीं थी। देशभर में हाल के दिनों में सोनम वांगचुक के समर्थन और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की मांग को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं।
मार्च में शामिल छात्रों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष भर्ती और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग उठाई। छात्र नेता रंजीत यादव ने कहा कि देश के छात्र अपने भविष्य की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।
रंजीत यादव ने कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते और परीक्षा व्यवस्था में बड़े स्तर पर सुधार सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.