सुनेत्रा पवार आज लेंगी महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम की शपथ

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को राज्य का उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की प्रक्रिया आज पूरी होने जा रही है। शनिवार सुबह वह अपने बेटे पार्थ पवार के साथ मुंबई पहुंचीं। तय कार्यक्रम के अनुसार शाम पांच बजे उन्हें उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।
एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल और प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने विधानमंडल दल की बैठक से पहले सुनेत्रा पवार से मुलाकात की। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, वह महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनने जा रही हैं।
दोपहर दो बजे विधान भवन में एनसीपी विधायक दल की बैठक बुलाई गई है, जिसमें पार्टी के करीब 40 विधायक हिस्सा लेंगे। इसी बैठक में सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जिसके बाद राज्यपाल उन्हें उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे।
शपथ ग्रहण समारोह मुंबई स्थित राजभवन परिसर (लोक भवन) में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि महायुति सरकार और गठबंधन के सभी दल एनसीपी के इस फैसले का समर्थन करेंगे।
शरद पवार के घर रणनीतिक बैठक
इधर, इस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच बारामती स्थित शरद पवार के आवास ‘गोविंद बाग’ में अहम बैठक शुरू हो गई है। इसमें सुप्रिया सुले, रोहित पवार, युगेंद्र पवार और संदीप क्षीरसागर जैसे प्रमुख नेता मौजूद हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में पार्टी की आगे की राजनीतिक दिशा और रणनीति पर मंथन किया जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय की चर्चा चल रही थी, लेकिन सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम बनने की घोषणा के बाद इन अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।
परिवार में मतभेद से इनकार
जब शरद पवार से पूछा गया कि क्या उन्हें सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की जानकारी पहले से थी, तो उन्होंने कहा कि परिवार किसी भी कठिन समय में एकजुट रहता है और इस मुद्दे पर परिवार में कोई विवाद नहीं है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.