राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SC सख्त, नई SIT के गठन के संकेत; 27 जुलाई को फिर सुनवाई

HIGHLIGHTS
- श्रीराम जन्मभूमि मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने निष्पक्ष जांच के लिए नई SIT गठित करने के संकेत दिए हैं।
- उत्तर प्रदेश सरकार ने बताया कि एसआईटी जांच के आधार पर FIR दर्ज की गई है और अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
- सुप्रीम कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 27 जुलाई को तय की है, जिसमें नई SIT और जांच की प्रगति पर विचार होगा।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की एक नई विशेष जांच टीम (SIT) गठित करने के संकेत दिए। कोर्ट ने कहा कि नई एसआईटी में पहले से जांच कर रहे अधिकारियों को भी शामिल किया जा सकता है।
सुनवाई के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के नेतृत्व में जांच कराई गई है और उसकी स्टेटस रिपोर्ट भी दाखिल कर दी गई है। उन्होंने बताया कि एसआईटी की जांच के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है और अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
हालांकि, सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए खुली अदालत में इसकी विस्तृत जानकारी देना उचित नहीं होगा।
तीन-चार दिन बाद फिर होगी सुनवाई
इस पर मुख्य न्यायाधीश (CJI) ने कहा कि अदालत तीन-चार दिन बाद मामले पर दोबारा सुनवाई करेगी। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों की एक नई एसआईटी बनाने का सुझाव दिया, जिसमें मौजूदा जांच कर रहे अधिकारियों को भी शामिल किया जा सकता है।
सॉलिसिटर जनरल ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से अदालत को आश्वासन दिया कि सरकार इस दिशा में कदम उठाने के लिए तैयार है।
मामले का राजनीतिकरण नहीं करने की सलाह
मुख्य न्यायाधीश ने याचिकाकर्ता को मामले का राजनीतिकरण नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यह एक सामान्य आर्थिक अपराध का मामला है और जांच एजेंसियों को स्वतंत्र रूप से अपना काम करने दिया जाना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 27 जुलाई को तय की है। इस दौरान नई एसआईटी के गठन और जांच की प्रगति पर आगे विचार किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.