'हम फिर हरिद्वार जाएंगे': बुर्के में कांवड़ लाने वाली तमन्ना मलिक पर संभल प्रशासन सख्त, जानें वजह

HIGHLIGHTS
- बीते वर्ष बुर्के में कांवड़ लाकर चर्चा में आईं तमन्ना मलिक एक बार फिर हरिद्वार जाने की तैयारी में हैं।
- संभल प्रशासन ने तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को 20-20 हजार रुपये के मुचलके में पाबंद किया है।
- प्रशासन ने शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के चलते यह कार्रवाई की है।
बीते वर्ष बुर्का पहनकर कांवड़ लाने और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के कारण चर्चा में आईं तमन्ना मलिक के लिए इस बार हरिद्वार जाना आसान नहीं होगा। संभल प्रशासन ने तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को इस बार बुर्के में गंगाजल लाकर जलाभिषेक करने के मामले में 20 हजार रुपये के मुचलके में पाबंद किया है। हालांकि, प्रशासन की इस कार्रवाई के बावजूद अमन त्यागी ने पहले की तरह ही गंगाजल लाने का दावा किया है।
तीन साल पहले तमन्ना ने अमन से की थी शादी
असमोली क्षेत्र के गांव बदनपुर बसेई निवासी तमन्ना मलिक ने करीब साढ़े तीन वर्ष पहले गांव के हिंदू युवक अमन त्यागी से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार शादी की थी। दोनों के अब दो बच्चे हैं।
तमन्ना पहली बार 10 फरवरी को अपने पति के साथ बुर्का पहनकर हरिद्वार से कांवड़ लेकर आई थीं। उन्होंने उस समय क्षेमनाथ तीर्थ पर जलाभिषेक किया था। इसके बाद उन्हें धमकियां मिलने की बात सामने आई थी, जिस पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
कांवड़ लाने से शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका
सावन माह शुरू होने के बाद तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी ने दोबारा हरिद्वार जाने की योजना बनाई। इसकी जानकारी पुलिस-प्रशासन को मिलने के बाद उप जिलाधिकारी विकासचंद्र के माध्यम से दोनों को धारा 126/130/132 के तहत नोटिस जारी किया गया।
नोटिस में बताया गया कि तमन्ना और अमन के अलग-अलग संप्रदायों से होने के कारण पिछले वर्ष दो संप्रदायों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी। ऐसे में इस बार भी यदि वह पहले की तरह कांवड़ लेकर आती हैं तो शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
पुलिस रिपोर्ट से एसडीएम ने जताई सहमति
एसडीएम विकासचंद्र ने बताया कि असमोली पुलिस की रिपोर्ट से वह सहमत हैं। रिपोर्ट में दोनों से शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका जताई गई है। इसी आधार पर तमन्ना मलिक और अमन त्यागी को छह माह के लिए 20-20 हजार रुपये के मुचलके से पाबंद किया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि दोनों इस आदेश का उल्लंघन करते हैं तो उनके खिलाफ अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अमन त्यागी बोले- हम जरूर जाएंगे
तमन्ना मलिक के पति अमन त्यागी ने कहा कि पिछले वर्ष जब उनकी पत्नी बुर्के में कांवड़ लेकर आई थीं तो कई लोगों ने उनका समर्थन किया था और उनका स्वागत भी किया था। ऐसे में किसी की भावनाएं आहत होने का हवाला देना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि देश में रोज हिंदुओं की भावनाएं आहत की जा रही हैं, लेकिन उन मामलों में कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि उन्हें नोटिस दिया गया है, जबकि संविधान में किसी के अधिकारों का हनन करने का अधिकार किसी को नहीं है।
अमन त्यागी ने कहा कि तमन्ना मलिक इस बार भी कांवड़ लेने जाएंगी और वह खुद उनके साथ जाएंगे।
एसडीएम का बयान
एसडीएम विकासचंद्र ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। किसी भी स्थिति में शांति व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने बताया कि तमन्ना मलिक और अमन त्यागी के खिलाफ भी इसी आधार पर कार्रवाई की गई है। दोनों को शांतिभंग की आशंका में 20-20 हजार रुपये के मुचलके से पाबंद किया गया है। आदेश का उल्लंघन होने पर यह राशि जब्त कर ली जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.