विश्व हिंदू परिषद से ही होगा राम मंदिर ट्रस्ट का नया महासचिव, बैठक में होगा फैसला

HIGHLIGHTS
- श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक में नए महासचिव समेत खाली पड़े पदों पर नियुक्ति को लेकर फैसला हो सकता है।
- चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद ट्रस्ट की प्रशासनिक व्यवस्था, वित्तीय निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर चर्चा होगी।
- बैठक में मंदिर के चढ़ावे की गणना, लेखा प्रणाली, एसआईटी जांच और अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को होने वाली अहम बैठक में संगठनात्मक ढांचे और मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। बैठक में ट्रस्ट के नए महासचिव के चयन के साथ ही लंबे समय से खाली पड़े दो अन्य प्रमुख पदों को भरने पर भी चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक ट्रस्ट का नया महासचिव विश्व हिंदू परिषद से ही होगा, यह लगभग तय माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में सामने आए चढ़ावा चोरी मामले और उसके बाद हुई जांच को देखते हुए ट्रस्ट प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में कदम उठा रहा है। बैठक में नई कार्यप्रणाली, जिम्मेदारी तय करने और वित्तीय निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्र के इस्तीफे के बाद खाली हुए पदों पर नए नामों की घोषणा की जाएगी। इसके लिए बैठक दो सत्रों में आयोजित की गई है। पहले सत्र की शुरुआत दोपहर तीन बजे होगी, जिसमें रिक्त पदों पर चयन को लेकर मंथन किया जाएगा। वहीं दूसरे सत्र में शाम चार बजे से अन्य विषयों पर चर्चा होगी।
नए महासचिव की नियुक्ति को ट्रस्ट के लिए काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद ट्रस्ट की व्यवस्था में सुधार को लेकर कई कदम उठाए जा रहे हैं। बैठक में दो अन्य रिक्त पदों पर भी नियुक्ति की उम्मीद जताई जा रही है।
बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन के बाद खाली हुए पद पर उनके पुत्र, राज परिवार के सदस्य और साहित्यकार यतींद्र मिश्र के चयन की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा ट्रस्ट में अयोध्या के किसी एक संत को भी शामिल किए जाने की चर्चा है।
बैठक में मंदिर के चढ़ावे की गणना, लेखा प्रणाली, बैंकिंग व्यवस्था, निगरानी तंत्र और कर्मचारियों की जिम्मेदारियों को लेकर नई व्यवस्थाओं पर भी चर्चा होने की संभावना है।
काउंटिंग और सुरक्षा व्यवस्था की होगी समीक्षा
राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास ने बताया कि बैठक दोपहर तीन बजे मणिराम दास की छावनी में होगी। उन्होंने कहा कि बैठक में लिए गए निर्णय सभी सदस्यों को मान्य होंगे। बैठक में राम मंदिर में नोटों की काउंटिंग और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की जाएगी। इसके अलावा एसआईटी जांच को लेकर भी चर्चा होगी।
उन्होंने बताया कि राम मंदिर में पूजा परंपरा रामानंदीय परंपरा के अनुसार बेहतर तरीके से संचालित हो रही है। ट्रस्ट की ओर से व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
ट्रस्ट के सदस्य पहुंचने लगे अयोध्या
बैठक में शामिल होने के लिए राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों का अयोध्या पहुंचना शुरू हो गया है। मंगलवार देर शाम युगपुरुष परमानंद और जगद्गुरु वासुदेवानंद सरस्वती अयोध्या पहुंच गए। वहीं कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि बुधवार सुबह 11 बजे तक अयोध्या पहुंचेंगे।
वरिष्ठ अधिवक्ता के. परासरण बैठक में ऑनलाइन माध्यम से शामिल होंगे। दूसरी ओर, विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों का भी अयोध्या पहुंचना शुरू हो गया है। विहिप महामंत्री बजरंग लाल बांगड़ा, धर्माचार्य संपर्क प्रमुख अशोक तिवारी और वरिष्ठ संरक्षक दिनेश चंद्र अयोध्या पहुंच चुके हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.