मजदूर के बैंक खाते से दिखा 41 करोड़ का लेन-देन, आयकर-जीएसटी नोटिस से परिवार परेशान

HIGHLIGHTS
- मीरजापुर के मजदूर के खाते से 41 करोड़ रुपये के लेन-देन का मामला सामने आया है।
- आयकर और जीएसटी विभाग के नोटिस मिलने के बाद परिवार में चिंता बढ़ गई।
- पीड़ित ने बैंक खाते के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए एसपी से जांच की मांग की है।
मीरजापुर। जिले के एक दिहाड़ी मजदूर को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उसे आयकर विभाग और जीएसटी विभाग की ओर से 41 करोड़ रुपये के कथित बैंक लेन-देन को लेकर नोटिस मिल गया। मजदूर का कहना है कि उसके खाते का किसी दूसरे व्यक्ति ने गलत इस्तेमाल किया है।
पड़री थाना क्षेत्र के लोकापुर गांव निवासी श्याम बाबू बिंद ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर मामले की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वह रोजाना मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का खर्च चलाते हैं, ऐसे में उनके नाम से इतनी बड़ी रकम का लेन-देन होना समझ से बाहर है।
श्याम बाबू के मुताबिक, साल 2021 में वह अपने साले के साथ रोजगार की तलाश में दिल्ली गए थे। वहां साले ने बताया था कि एक कंपनी में नौकरी के लिए बैंक खाता जरूरी है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली में एक बैंक खाता खुलवाया था।
हालांकि, नौकरी नहीं मिलने के बाद वह वापस गांव लौट आए। उन्होंने बताया कि लौटने के बाद बैंक की पासबुक मांगी, लेकिन उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई। करीब तीन साल बाद उन्हें आयकर विभाग की ओर से नोटिस मिला, जिसमें उनके खाते से लगभग 41 करोड़ रुपये के लेन-देन का जिक्र था।
इसके बाद एक और नोटिस मिलने से परिवार में चिंता बढ़ गई। श्याम बाबू का कहना है कि उनके पास इतनी बड़ी रकम का कोई स्रोत नहीं है और न ही उन्होंने इस तरह का कोई कारोबार किया है। उन्हें आशंका है कि उनके बैंक खाते का किसी अन्य व्यक्ति ने दुरुपयोग किया है।
पीड़ित ने बताया कि मामले को लेकर पहले पड़री थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.