त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में जोरदार धमाका, अपार्टमेंट में कई घायल

अगरतला। त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में बुधवार दोपहर हुए एक तेज धमाके से संकट चौमुहानी क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। एनएस अपार्टमेंट में हुए इस विस्फोट में कई लोग घायल हो गए, जबकि इमारत को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह घटना दोपहर करीब 12 बजे अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में हुई। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज आसपास के कई इलाकों तक सुनाई दी। विस्फोट के चलते फ्लैट की खिड़कियां टूट गईं, दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और पूरे परिसर में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। एसडीपीओ देबा प्रसाद रॉय ने बताया कि दोपहर 12 बजे के आसपास फ्लैट में तेज आवाज की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस, दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ते को अलर्ट किया गया। सभी एजेंसियां मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं।
फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और बम निरोधक टीम पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्र को भी सुरक्षित किया गया है।
इमारत की तीसरी मंजिल पर रहने वाले कुशल देब ने बताया कि वह अपने कमरे में थे, तभी अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि पहली मंजिल पर जोरदार विस्फोट हुआ है, जिससे भवन के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और लोग दहशत में हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.