मुजफ्फरनगर में ट्रक ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, महिला की मौत; 7 लोग घायल

HIGHLIGHTS
- परिवार कुलदेवता के पूजन के लिए भुवापुर गांव जा रहा था।
- कासमपुर स्कूल के सामने अचानक ट्रक ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी।
- घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के कासमपुर गांव में बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक ने एक ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार महिलाओं और बच्चों समेत सात लोग घायल हो गए। इनमें से तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान 52 वर्षीय कुसुम की मौत हो गई।
हादसे के बाद पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रक को कब्जे में लेकर उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
कुलदेवता के पूजन के लिए जा रहा था परिवार
नई मंडी थाना क्षेत्र के कूकड़ा गांव का एक परिवार ई-रिक्शा से ककरौली क्षेत्र के भुवापुर गांव में कुलदेवता का पूजन करने जा रहा था। रास्ते में रहकड़ा गांव की दीपा और अपर्णा भी ई-रिक्शा में सवार हो गईं।
कासमपुर स्कूल के सामने पहुंचते ही सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा में सवार सभी लोग घायल हो गए।
तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भेजा
दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भोपा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने ई-रिक्शा चालक रऊफ, गुड्डी और कुसुम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान कुसुम ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
हादसे में कूकड़ा निवासी 30 वर्षीय गुड्डी पत्नी कपिल, 10 वर्षीय सानू, 8 वर्षीय शिवांगी, अक्षित पुत्र कपिल और कुसुम पत्नी राजेंद्र घायल हुए हैं। इसके अलावा रहकड़ा गांव निवासी दीपा पत्नी रोहताश और अपर्णा पुत्री मिंटू भी घायल हुईं। ई-रिक्शा चालक खालापार निवासी रऊफ भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
ट्रक चालक हिरासत में
सब-इंस्पेक्टर आकाश शर्मा ने बताया कि हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रक को जब्त कर लिया गया है। उसके चालक को हिरासत में लिया गया है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.