कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर के दो आतंकी ढेर होने की सूचना, टॉप कमांडर लतीफ भट भी शामिल

HIGHLIGHTS
- सोमवार को कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई।
- लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों के मारे जाने की सूचना है।
- मारे गए आतंकियों में टॉप कमांडर लतीफ भट भी शामिल बताया जा रहा है।
सोमवार को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों के मारे जाने की सूचना है। मारे गए आतंकियों में लश्कर का टॉप कमांडर लतीफ भट भी शामिल बताया जा रहा है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कुलगाम जिले में सीआरपीएफ की टीम पर हुए हमले के बाद से सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान जारी है। बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे दो आतंकियों ने स्वचालित हथियारों से सीआरपीएफ के नाके को निशाना बनाया था। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। घटना कुलगाम के नौपोरा अखरन इलाके में हुई थी। यह जगह श्रीनगर से करीब 75 किलोमीटर दूर और कड़ी सुरक्षा वाले जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से महज एक किलोमीटर की दूरी पर है।
सूत्रों के मुताबिक, सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन की टीम नौपोरा अखरन इलाके में नियमित ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान पैदल आए दो आतंकियों ने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी में घायल हुए तीनों जवानों को जीएमसी अनंतनाग में भर्ती कराया गया।
घायल जवानों में हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह, कांस्टेबल राकेश दास और कांस्टेबल संतोष चंद्रू शामिल हैं। पश्चिम बंगाल के रहने वाले संतोष चंद्रू के पेट और रीढ़ की हड्डी में गोलियां लगी हैं। उनकी हालत गंभीर बताई गई है। असम निवासी कांस्टेबल राकेश दास के पैर में गोली लगी, जबकि हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह के बाएं हाथ में गोली लगी है। सोमवीर और राकेश को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। वहीं, संतोष चंद्रू को बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर श्रीनगर स्थित 92 बेस अस्पताल पहुंचाया गया था।
पोस्टर लगाए जाने के तीन दिन बाद हुआ आतंकी हमला
कश्मीर में वांछित आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों की कार्रवाई के बीच कुलगाम में पोस्टर लगाए जाने के महज तीन दिन बाद आतंकी हमला हुआ। रविवार को श्रीनगर के लाल चौक सहित प्रमुख स्थानों पर लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय आतंकी मोहम्मद लतीफ भट समेत चार वांछित आतंकियों के पोस्टर लगाए गए थे। इसके बाद बुधवार को कुलगाम के अखरन में सुरक्षाबलों के नाके पर हुई गोलीबारी में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए।
रविवार को प्रताप पार्क, लाल चौक और श्रीनगर के दूसरे प्रमुख इलाकों में लगाए गए पोस्टरों में कुलगाम के ख्रेवान चद्दर निवासी मोहम्मद लतीफ भट के साथ सोपोर के बिलाल अहमद मीर, मोहम्मद उमर मीर और बारामुला के आबिद कयूम लोन की तस्वीरें और पते भी सार्वजनिक किए गए थे।
पोस्टर लगाए जाने के तीन दिन बाद बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे मीर बाजार के नजदीक अखरन (नौपोरा) में आतंकियों ने सुरक्षाबलों के नाके पर फायरिंग की। हमलावरों ने अपने हथियार फेरन के अंदर छिपा रखे थे। जवानों की जवाबी कार्रवाई के बाद दोनों आतंकी मौके से फरार हो गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.