किश्तवाड़ से दो SPO लापता, तलाश में जुटे सुरक्षाबल; गांदरबल में भी सर्च ऑपरेशन

HIGHLIGHTS
- जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से बुधवार को दो विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) लापता हो गए।
- लापता पुलिसकर्मियों की पहचान 45 वर्षीय रशपाल कुमार और 57 वर्षीय बाबी चंद के रूप में हुई है।
- दोनों SPO किश्तवाड़ के कियार दच्चन के निवासी हैं और स्थानीय पुलिस के SOG में तैनात थे।
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के पहाड़ी क्षेत्रों से बुधवार को दो विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) अचानक लापता हो गए। लापता अधिकारियों की पहचान रशपाल कुमार और बाबी चंद के रूप में हुई है। दोनों स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) में तैनात थे।
सैन्य अधिकारियों के मुताबिक, दोनों SPO पहाड़ी जिले के दुर्गम दच्छन-मरवाह इलाके से लापता हुए हैं। उनकी तलाश के लिए सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
आतंक प्रभावित क्षेत्र से लापता हुए दोनों पुलिस अधिकारी
दोनों SPO जिस इलाके से लापता हुए हैं, उसे आतंकियों के प्रभाव वाला क्षेत्र माना जाता है। इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर अभी कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।
लापता पुलिसकर्मियों में 45 वर्षीय रशपाल कुमार (बेल्ट नंबर 65) और 57 वर्षीय बाबी चंद (बेल्ट नंबर 920) शामिल हैं। दोनों किश्तवाड़ जिले के कियार दच्चन के रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार, दोनों की ड्यूटी रोटेशन के तहत 17 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) के टीओबी कैंप धरना, सेक्टर मरवाह में लगाई गई थी। हालांकि, निर्धारित समय पर दोनों कैंप में अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है।
गांदरबल में आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन
इधर, श्रीनगर से सटे गांदरबल जिले में बुधवार देर रात आतंकियों के एक समूह को देखे जाने की सूचना मिली। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।
आतंकियों के छिपे होने की आशंका को देखते हुए सुरक्षाबलों ने कई संदिग्ध स्थानों पर तलाशी ली। हालांकि, इस दौरान कोई आतंकी नहीं मिला। देर रात तक इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी था।
कुलगाम में CRPF की चौकी पर बाइक सवार हमलावरों की गोलीबारी
गौरतलब है कि यह घटना कुलगाम जिले में बुधवार को CRPF की टीम पर हुए आतंकी हमले के बाद सामने आई है। यहां अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने एक सुरक्षा चौकी पर तैनात CRPF जवानों पर गोलियां चलाईं। इस हमले में तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह गोलीबारी दोपहर करीब 2:15 बजे हुई। हमलावरों ने नाके पर ड्यूटी कर रहे CRPF कर्मियों को निशाना बनाया। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार हमलावर मौके से फरार हो गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.