सोनम वांगचुक को किया गया हाउस अरेस्ट, घर के बाहर हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात

HIGHLIGHTS
- लद्दाख में जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को नजरबंद किया गया।
- वांगचुक ने घर के आसपास हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों की तैनाती का दावा किया।
- 4 दिसंबर को होने वाले हिल काउंसिल चुनावों का कड़ाके की ठंड में आयोजन करने का विरोध हो रहा है।
जम्मू। लद्दाख में आगामी 4 दिसंबर को होने वाले हिल काउंसिल चुनावों को कड़ाके की ठंड के दौरान कराने के प्रशासनिक फैसले के खिलाफ विरोध बढ़ता जा रहा है। इसी बीच जलवायु कार्यकर्ता और लेह एपेक्स बॉडी के सदस्य सोनम वांगचुक को नजरबंद कर दिया गया है।
वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि उनके घर के आसपास बड़ी संख्या में हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'मैं हाउस अरेस्ट हूं। मेरे घर के चारों ओर हथियारों से लैस दर्जनों गार्ड तैनात हैं, जबकि सरकार का कहना है कि मुझे घर पर रहने की सलाह दी गई है। यह सब इसलिए हुआ क्योंकि मैंने कुछ तीखे सवाल पूछे थे, जैसे कि लेह में पिछले साल हुई हत्याओं की न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट में देरी क्यों हो रही है? कड़ाके की ठंड के बीच लोगों पर एक दिखावटी काउंसिल चुनाव इतनी तेजी से क्यों थोपा जा रहा है? पूरा लद्दाख विरोध कर रहा है। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में सोशल मीडिया पर मेरी पहुंच को बुरी तरह दबा दिया गया है।'
प्रदर्शन स्थल से हटाए गए थे सोनम वांगचुक
इससे पहले बुधवार शाम पुलिस ने सोनम वांगचुक को लेह के एनडीएस मेमोरियल पार्क में प्रदर्शन स्थल से हटा दिया था। वह वहां आंदोलन की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। शुरुआत में पुलिस ने उन्हें घर पर रहने की सलाह दी थी। इसके बाद लेह के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने औपचारिक निवारक आदेश जारी कर उनकी गतिविधियों पर रोक लगा दी।
पुलिस के आदेश में वांगचुक की गतिविधियों का हवाला देते हुए आरोप लगाया गया कि उनके प्रयासों से पहले भी सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित हुई है। साथ ही आशंका जताई गई कि भविष्य में उनके प्रदर्शन से शांति भंग हो सकती है।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब प्रशासन ने हिल काउंसिल, नगरपालिका और पंचायत चुनावों से पहले विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि, पाबंदियों और लेह तथा कारगिल में भारी सुरक्षा तैनाती के बावजूद लेह एपेक्स बॉडी ने दावा किया कि वीरवार को विभिन्न वर्गों के लोगों ने शांतिपूर्ण धरने में भाग लिया।
लेह एपेक्स बॉडी ने अपने बयान में कहा कि लोगों की भागीदारी से पता चलता है कि वे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें उठाने में विश्वास रखते हैं। संगठन ने स्पष्ट किया कि उसका आंदोलन चुनाव कराने के खिलाफ नहीं है, बल्कि कड़ाके की ठंड के दौरान चुनाव कराने के फैसले का विरोध है। संगठन के मुताबिक, सर्दियों में लद्दाख की बड़ी आबादी क्षेत्र से बाहर रहती है।
दिसंबर में चुनाव से 30 प्रतिशत मतदाताओं के छूटने की आशंका
लेह एपेक्स बॉडी के सह-अध्यक्ष चेरिंग दोरजे ने कहा कि दिसंबर में चुनाव कराने से बड़ी संख्या में पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। उन्होंने दावा किया कि सर्दियों के दौरान लद्दाख की करीब 30 प्रतिशत आबादी क्षेत्र से बाहर रहती है। ऐसे में इन लोगों के लिए मतदान करना मुश्किल हो जाता है।
चुनाव स्थगित कराने के लिए राष्ट्रपति, PM और शाह को पत्र
इससे पहले सोनम वांगचुक और लेह एपेक्स बॉडी के अन्य प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को अपील भेजी थी। इसमें भीषण ठंड और मतदाताओं के मतदान से वंचित रहने की आशंका को देखते हुए चुनाव स्थगित करने की मांग की गई थी।
लद्दाख के सभी आठ जिलों में होंगे चुनाव
इन चुनावों की प्रक्रिया 20 अक्टूबर को जारी अधिसूचना के बाद शुरू हुई थी। इसके तहत लद्दाख के सभी आठ जिलों में हिल काउंसिल के गठन का रास्ता साफ हुआ है। इनमें नवगठित संकू जिला भी शामिल है। इससे पहले लद्दाख में केवल दो स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषदें थीं, जिनमें एक लेह और दूसरी कारगिल में थी।
मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने आगामी हिल काउंसिल चुनावों को लद्दाख में लोकतंत्र के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया है।
चुनाव कार्यक्रम का बचाव करते हुए कुंद्रा ने कहा कि क्षेत्र में स्कूल 15 दिसंबर तक खुले रहते हैं। उन्होंने तर्क दिया कि जब बच्चे सर्दियों में स्कूल जा सकते हैं, तो वयस्क भी अपने मतदान के अधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं।
हिल काउंसिल और पंचायत चुनावों के लिए मतदान के बाद 8 दिसंबर को मतगणना होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.