कुलगाम आतंकी हमले में बुलेटप्रूफ जैकेट भेदने वाली गोलियों का इस्तेमाल, जांच में बड़ा खुलासा

HIGHLIGHTS
- कुलगाम में सीआरपीएफ के नाके पर हुए आतंकी हमले की जांच में बड़ा खुलासा।
- आतंकियों ने कथित तौर पर आर्मर-पियर्सिंग गोलियों का इस्तेमाल किया।
- इन गोलियों ने जवानों की बुलेटप्रूफ जैकेट को भी भेद दिया।
कुलगाम जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के नाके पर हुए आतंकी हमले की शुरुआती जांच में कई गंभीर और चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच के दौरान मिले सबूतों से पता चला है कि आतंकियों ने हमले में बेहद घातक आर्मर-पियर्सिंग गोलियों का इस्तेमाल किया था।
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, ये गोलियां इतनी ताकतवर थीं कि ड्यूटी पर तैनात सीआरपीएफ जवानों की बुलेटप्रूफ जैकेट को भी भेद गईं। यही वजह रही कि सुरक्षा कवच पहने होने के बावजूद जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
शुरुआती फॉरेंसिक और बैलिस्टिक जांच से इस बात के भी संकेत मिले हैं कि हमलावरों ने वारदात में एके-47 राइफलों का इस्तेमाल किया था। हालांकि, एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल आर्मर-पियर्सिंग गोलियों के इस्तेमाल के संकेत ही मिले हैं। इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जा सकेगी।
भेद गई थी बुलेटप्रूफ जैकेट
आर्मर-पियर्सिंग गोलियां खासतौर पर बुलेटप्रूफ जैकेट, बख्तरबंद वाहनों और सुरक्षा कवच को भेदने के लिए तैयार की जाती हैं। इनके अगले हिस्से में स्टील या टंगस्टन जैसी बेहद कठोर धातु की कोर होती है। इसी वजह से ये सामान्य गोलियों की तुलना में कहीं ज्यादा घातक होती हैं।
कुलगाम हमले में इन उच्च क्षमता वाली गोलियों के इस्तेमाल की जानकारी सामने आने के बाद सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। इससे पहले भी घाटी में हुए कई हमलों में आतंकियों द्वारा इस तरह के अत्याधुनिक और घातक कारतूस इस्तेमाल किए जा चुके हैं। इस नए खुलासे के बाद सुरक्षा बलों के सुरक्षा मानकों और प्रोटोकॉल की भी समीक्षा की जा रही है।
आतंकियों ने बदली अपनी नापाक रणनीति
जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकियों ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। अब वे वारदात को अंजाम देने के बाद तुरंत एक जगह से दूसरी जगह भागने के बजाय लंबे समय तक सुरक्षित ठिकानों में छिपे रहने का तरीका अपना रहे हैं। उनका यह ऑपरेशनल नेटवर्क सुरक्षा एजेंसियों के सामने नई चुनौती पेश कर रहा है।
खुफिया इनपुट के अनुसार, आतंकी मोबाइल फोन का इस्तेमाल कम कर रहे हैं। इसके स्थान पर वे जीपीएस आधारित नेविगेशन उपकरणों के जरिए अपनी आवाजाही और ठिकानों तक पहुंचने की व्यवस्था कर रहे हैं। उनकी रणनीति में ऐसे सुरक्षित ठिकानों का नेटवर्क अहम भूमिका निभा रहा है, जहां लंबे समय तक रहने और खाने-पीने का इंतजाम पहले से मौजूद होता है।
कुलगाम में सीआरपीएफ के नाके पर आतंकी हमला
गौरतलब है कि कुलगाम जिले में दो आतंकियों ने सीआरपीएफ के नाके को निशाना बनाया था। इस हमले में तीन जवान घायल हुए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। आतंकी नाके से करीब 50 मीटर दूर जंगल के इलाके से पहुंचे थे और वारदात के बाद पैदल ही जंगल की तरफ भाग गए। जवाबी कार्रवाई के दौरान भाग रहे एक आतंकी का मोबाइल फोन घटनास्थल पर गिर गया, जिसे सुरक्षा एजेंसियों ने अपने कब्जे में ले लिया।
आतंकियों की तलाश में सुरक्षाबलों ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया है। यह घटना उस समय हुई, जब उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी कुलगाम जिले में मौजूद थे। हालांकि, वह हमले वाली जगह के आसपास नहीं थे।
पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे यह घटना हुई। श्रीनगर से लगभग 75 किलोमीटर दूर नौपोरा अखरन इलाके में सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन का दल नियमित ड्यूटी पर तैनात था। यह इलाका कड़ी सुरक्षा वाले जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से बमुश्किल एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इसी दौरान दो आतंकियों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
गोलीबारी में हेड कांस्टेबल सोमबीर सिंह, कांस्टेबल राकेश दास और कांस्टेबल संतोष चंदू घायल हो गए। तीनों को तुरंत जीएमसी अनंतनाग में भर्ती कराया गया। संतोष चंदू के पेट और रीढ़ की हड्डी में गोलियां लगी हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पश्चिम बंगाल के रहने वाले चंदू को बाद में एयरलिफ्ट करके श्रीनगर के 92 बेस अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, हमलावरों में से एक ने सीआरपीएफ नाके पर गोलीबारी की, जबकि दूसरा उसे कवर दे रहा था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.