गुरुग्राम में निर्माणाधीन बिल्डिंग की 19वीं मंजिल से गिरे दो श्रमिक, एक की मौत

HIGHLIGHTS
- मृतक दिलखुश कटिहार का रहने वाला था।
- घायल वासुदेव दक्षिण परगना, बंगाल का निवासी है।
- श्रमिकों ने सुरक्षा इंतजामों की कमी का आरोप लगाया।
गुरुग्राम: बजघेड़ा थाना क्षेत्र के सेक्टर-113 में निर्माणाधीन स्मार्ट वर्ल्ड बिल्डिंग की 19वीं मंजिल से गिरने के कारण एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा शुक्रवार शाम हुआ। घटना के बाद नाराज श्रमिकों ने बिल्डर और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय दिलखुश के रूप में हुई है। वह कटिहार का रहने वाला था।
वहीं, हादसे में घायल 29 वर्षीय वासुदेव बंगाल के दक्षिण परगना का निवासी है। उसके हाथ में चोट आई है और हाथ टूट गया है। श्रमिकों के मुताबिक, सेक्टर-113 में स्मार्ट वर्ल्ड नाम से बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है।
19वीं मंजिल से नीचे गिरे दोनों श्रमिक
श्रमिकों के अनुसार, इस साइट पर कई महीनों से निर्माण कार्य चल रहा है। शुक्रवार शाम कुछ मजदूर 19वीं मंजिल पर काम कर रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से दिलखुश और वासुदेव नीचे गिर गए।
दिलखुश सीधे नीचे आकर गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गिरते समय वासुदेव ने लोहे की सरिया पकड़ ली। इससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों ने उसे बचा लिया।
श्रमिकों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। हालांकि, बजघेड़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने इसे महज एक हादसा बताया। उन्होंने कहा कि अभी परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है और श्रमिकों ने भी कोई आरोप नहीं लगाया है।
ठेकेदार को पीटा, पुलिस की गाड़ी का शीशा तोड़ा
हादसे के बाद गुस्साए श्रमिकों ने ठेकेदार सद्दाम पर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया और उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे हेड कांस्टेबल विनोद के साथ भी मारपीट की गई।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस की ईआरवी गाड़ी मौके पर पहुंची। गुस्साए श्रमिकों ने गाड़ी पर भी हमला कर दिया और उसका शीशा तोड़ दिया।
हालात बिगड़ते देख बजघेड़ा थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.