मुजफ्फरनगर में उमा भारती की तबीयत बिगड़ी, हाईवे पर रोका गया काफिला

मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता उमा भारती को मंगलवार को हरिद्वार से दिल्ली लौटते समय अचानक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ा। असहज महसूस होने पर उनका काफिला मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र में कुछ देर के लिए रोका गया, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनका चिकित्सकीय परीक्षण किया।

जानकारी के मुताबिक, उमा भारती दोपहर के समय अपने काफिले के साथ दिल्ली की ओर जा रही थीं। यात्रा के दौरान छपार क्षेत्र के पास उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना सुरक्षा कर्मियों ने कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद एहतियात के तौर पर काफिले को संधावली बाईपास स्थित एक पेट्रोल पंप पर रोका गया।
सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि जांच के दौरान उनका रक्तचाप सामान्य स्तर से अधिक पाया गया। साथ ही पैरों में सूजन की शिकायत भी सामने आई। चिकित्सकों ने मौके पर ही आवश्यक उपचार और सलाह दी।

करीब 15 मिनट तक चले स्वास्थ्य परीक्षण और प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई। इसके बाद उमा भारती अपने काफिले के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।
नई मंडी क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्वास्थ्य संबंधी कारणों से उनका काफिला कुछ समय के लिए रोका गया था। सुरक्षा और चिकित्सा टीम पूरे समय मौके पर मौजूद रही और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.