यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस का संगठन मजबूत करने पर जोर, अधिकांश जिलों में नए अध्यक्षों के नाम तय

HIGHLIGHTS
- कांग्रेस ने अधिकांश जिलों के लिए नए अध्यक्षों के नाम नेतृत्व को सौंपे।
- राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ नामों को लेकर निर्णायक बैठक हुई।
- संगठन सृजन अभियान और विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे से पहले कांग्रेस ने प्रदेश में अपने जिला संगठन को मजबूत करने की कवायद पूरी कर ली है।
पार्टी की ओर से मिल रहे संकेतों के अनुसार बड़ी संख्या में जिलाध्यक्षों को बदला जाएगा। कांग्रेस हाईकमान ने भी नए जिलाध्यक्षों की सूची पर सहमति दे दी है। पार्टी ने प्रदेश के लगभग अधिकांश जिलों में नए चेहरों को संगठन की जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी कर ली है।
नए जिलाध्यक्षों के नाम तय करने को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की शुक्रवार को लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ निर्णायक बैठक हुई। बैठक में नए नामों को अंतिम रूप दिया गया।
कांग्रेस ने यूपी में नए जिलाध्यक्षों की सूची को अंतिम रूप दिया
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दो दिनों तक चली लगातार बैठकों के बाद अधिकांश जिलों के लिए चुने गए संभावित अध्यक्षों के नाम पार्टी नेतृत्व को सौंपे।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने नामों की इस सूची को लेकर केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी के साथ विस्तार से चर्चा की और इस पर लगभग सहमति जता दी है। बैठक के दौरान कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के अलावा विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों और रणनीति पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस अगले कुछ दिनों में नए जिलाध्यक्षों के नामों का ऐलान कर सकती है।
समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे की बातचीत औपचारिक रूप से शुरू करने से पहले कांग्रेस जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को जरूरी मान रही है। पार्टी का मानना है कि इससे जमीन पर अपने राजनीतिक दमखम का प्रदर्शन करते हुए सीटों पर अपनी दावेदारी को मजबूत तरीके से रखा जा सकेगा।
सपा से गठबंधन से पहले संगठन मजबूत करने की तैयारी
केसी वेणुगोपाल ने यूपी कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के चयन को लेकर दो दिन तक चली प्रक्रिया के संबंध में शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट भी किया। उन्होंने बताया कि नामों को अंतिम रूप देने के लिए राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा, प्रभारी सचिवों और उत्तर प्रदेश के लिए नियुक्त एआईसीसी पर्यवेक्षकों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए यूपी में विपक्ष की स्थिति को और मजबूत करने के लिए संगठन को नए सिरे से तैयार किया जा रहा है। वेणुगोपाल ने यह भी दावा किया कि 2024 की तरह उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है और उसकी हार सुनिश्चित करने में कांग्रेस अहम भूमिका निभाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.