मोनिका नाज खान के हादसे को लेकर सपा में घमासान, दो पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा

HIGHLIGHTS
- हादसे के समय मोनिका नाज के पति साबिर भी साथ थे।
- दोनों दिल्ली गेट से खाना लेकर घर लौट रहे थे।
- पुलिस को घटना का CCTV फुटेज मिला है।
सपा की महिला नेता मोनिका नाज खान बृहस्पतिवार रात स्कूटी से गिरकर घायल हो गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का झंडा लगी कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मारी। हादसे के समय उनके पति साबिर भी उनके साथ थे।
दोनों दिल्ली गेट से खाना पैक कराकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रवि हास्पिटल के सामने यह घटना हुई। घायल मोनिका नाज खान को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस को घटना का सीसीटीवी फुटेज मिला है। फुटेज में मोनिका नाज खान स्कूटी फिसलने के बाद गिरती हुई नजर आ रही हैं। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सपा नेता मोनिका नाज के खिलाफ प्राथमिकी
सपा के महानगर उपाध्यक्ष जमील खान ने फेसबुक पोस्ट के बाद जान से मारने की धमकी और अन्य आरोप लगाते हुए सपा की महिला नेता मोनिका नाज खान के खिलाफ थाना सदर में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
ज्योति नगर, सदर निवासी जमील खान का आरोप है कि 10 सितंबर को उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर समाज में फैली बुराइयों को लेकर सामान्य कहावत ‘100 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’ लिखकर पोस्ट की थी। उनका कहना है कि यह पोस्ट किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं थी।
जमील खान के मुताबिक, इस पोस्ट के बाद मोनिका नाज खान ने मोबाइल पर अभद्र और अपमानजनक संदेश भेजे तथा जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने कहा कि कई अन्य संदेश भी भेजे गए। इन धमकियों के कारण वह और उनका परिवार दहशत में आ गया। उन्होंने मोनिका नाज खान पर कई अन्य आरोप भी लगाए और मामले की जांच की मांग की।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सपा के महानगर उपाध्यक्ष जमील और रोहित ने दिया इस्तीफा
समाजवादी पार्टी की महानगर इकाई में विवाद जारी है। सपा नेत्री पर उत्पीड़न और मानहानि का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को महानगर उपाध्यक्ष जमील खान और नासिर उर्फ रोहित ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया।
दोनों नेताओं का आरोप है कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। उनका कहना है कि परिवार की महिलाओं को फोन कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
नासिर उर्फ रोहित ने कहा कि संगठन के पदाधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद उन्हें कोई सहयोग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने आत्मसम्मान बनाए रखने के लिए पद छोड़ने का फैसला किया।
वहीं, जमील खान ने कहा कि उनका इस्तीफा परिस्थितियों और अन्याय के विरोध में है और उन्होंने किसी दबाव में पद नहीं छोड़ा। दोनों नेताओं ने कहा कि उन्होंने केवल पार्टी के पद से इस्तीफा दिया है, समाजवादी विचारधारा से नहीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.