UPSC CDS परीक्षा से तीन मिनट पहले गलत सेंटर पहुंचा अभ्यर्थी, पुलिस ने सही केंद्र तक पहुंचाया

HIGHLIGHTS
- पंकज परीक्षा देने के लिए गलत स्कूल पहुंच गया था।
- सही केंद्र और गलत स्कूल के बीच की दूरी एक किलोमीटर से अधिक थी।
- नॉर्थ एवेन्यू SHO रमेश कुमार सिंह और उनकी टीम ने पुलिस वाहन से उसे सही केंद्र तक पहुंचाया।
नई दिल्ली। नई दिल्ली जिले के नॉर्थ एवेन्यू थानाध्यक्ष ने ड्यूटी के साथ इंसानियत की मिसाल पेश की। परीक्षा शुरू होने से महज तीन मिनट पहले गलत सेंटर पहुंचे एक अभ्यर्थी को पुलिस टीम ने समय रहते सही परीक्षा केंद्र पहुंचा दिया। नॉर्थ एवेन्यू थानाध्यक्ष रमेश कुमार की तत्परता से अभ्यर्थी का साल खराब होने से बच गया।
सालभर की मेहनत पर मंडरा रहा था संकट
नई दिल्ली पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, संघ लोक सेवा आयोग की कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज परीक्षा (यूपीएससी सीडीएस) रविवार को आयोजित की गई। अभ्यर्थी सालभर परीक्षा की तैयारी करते हैं और इसके बाद परीक्षा केंद्र पहुंचकर अपने भविष्य के लिए प्रयास करते हैं। ऐसे में समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पाने की वजह से कई बार अभ्यर्थियों का पूरा साल खराब हो सकता है।
इसी तरह की स्थिति रविवार को छात्र पंकज के सामने भी आ गई थी। वह यूपीएससी सीडीएस परीक्षा देने के लिए गलत सेंटर पर पहुंच गया था। परीक्षा केंद्र के गेट बंद होने में महज तीन मिनट बाकी थे। ऐसे में उसका सालभर का सपना टूटने की स्थिति में था।
दिल्ली पुलिस की टीम ने बदला पूरा मामला
इसी दौरान दिल्ली पुलिस की टीम की नजर मायूस अभ्यर्थी पर पड़ी। पुलिस ने बिना समय गंवाए उसकी मदद करने का फैसला किया। नॉर्थ एवेन्यू थानाध्यक्ष रमेश कुमार और उनकी टीम ने पंकज को पुलिस वाहन से सही परीक्षा केंद्र पहुंचाने की जिम्मेदारी संभाली।
दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर वीडियो साझा कर बताया कि कैसे टीम ने परीक्षा से महज तीन मिनट पहले गलत सेंटर पहुंचे अभ्यर्थी को सही सेंटर तक पहुंचाया।
गलत स्कूल पहुंच गया था अभ्यर्थी
दिल्ली पुलिस के एक्स हैंडल पर बताया गया कि यूपीएससी-सीडीएस परीक्षा के लिए महज तीन मिनट पहले गलत सेंटर पहुंचे छात्र को डीसीपी नई दिल्ली के थाना नॉर्थ एवेन्यू के एसएचओ रमेश कुमार सिंह और उनकी टीम ने तुरंत पुलिस वाहन से सही सेंटर पहुंचाया।
वीडियो में एसएचओ कहते नजर आए कि अभ्यर्थी पंकज के पास सिर्फ तीन मिनट का समय बचा है और वह गलत स्कूल पहुंच गया था। इसके बाद पुलिस टीम उसे दूसरे स्कूल, पीएम श्री, लेकर रवाना हुई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पंकज हैवलॉक स्क्वायर स्थित अटल आदर्श स्कूल पहुंच गया था, जबकि उसका परीक्षा केंद्र काली बॉडी स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में था। दोनों स्थानों के बीच की दूरी एक किलोमीटर से ज्यादा है।
समय रहते कराई गई परीक्षा केंद्र में एंट्री
वीडियो के अंत में एसएचओ कहते नजर आते हैं, ‘इस प्रकार पंकज की एंट्री करा दी गई है।’ इससे पहले भी वह स्कूल के गेट पर यह पूछते दिखाई दिए कि क्या कोई और अभ्यर्थी मदद का जरूरतमंद है।
आखिरी तीन मिनट में पुलिस टीम की तत्परता से पंकज सही परीक्षा केंद्र तक पहुंच सका और उसकी परीक्षा में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी हो गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.