463 किलोमीटर तक बिना ब्रेक दौड़ती रही वंदे भारत, लोको पायलटों की चेतावनी भी अनसुनी

HIGHLIGHTS
- 24 अक्टूबर को खाली वंदे भारत ट्रेन के ब्रेकिंग सिस्टम में गंभीर खराबी सामने आई।
- हटिया से झांसी जा रही ट्रेन करीब 463 किलोमीटर तक बिना ब्रेक के चलती रही।
- ट्रेन को मालगाड़ी के इंजन की मदद से ले जाया जा रहा था।
नई दिल्ली। पिछले महीने रेलवे में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अक्टूबर में एक खाली वंदे भारत ट्रेन का ब्रेकिंग सिस्टम पूरी तरह खराब होने के बावजूद वह करीब 463 किलोमीटर तक पटरी पर चलती रही। लोको पायलटों ने कई बार इसकी चेतावनी दी, लेकिन ट्रेन के कोचों के ब्रेक काम नहीं कर रहे थे।
यह घटना 24 अक्टूबर की है। झारखंड के हटिया से उत्तर प्रदेश के झांसी तक खाली 'चेयर कार' ट्रेन को मालगाड़ी के इंजन की मदद से ले जाया जा रहा था। इस गंभीर सुरक्षा चूक के बाद दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) जोन ने सुरक्षा से जुड़ी कई खामियों की जांच के निर्देश दिए हैं। इन कमियों से पूरे रेलवे परिचालन की सुरक्षा पर खतरा पैदा हो सकता था।
463 किलोमीटर तक बिना ब्रेक के चलती रही वंदे भारत
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, रेलवे कर्मचारी ट्रेन के ब्रेकिंग सिस्टम को इंजन के साथ सही तरीके से जोड़ने में नाकाम रहे। लोको पायलटों की ओर से बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद उनकी बातों को नजरअंदाज किया गया और ट्रेन को आगे बढ़ने दिया गया।
यह घटना 11 नवंबर को असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना से कुछ दिन पहले हुई थी। उस हादसे के बाद रेलवे परिचालन में कथित लापरवाही को लेकर चिंताएं और बढ़ गई थीं।
लोको पायलटों ने दी चेतावनी, फिर भी जारी रही यात्रा
7 नवंबर को जारी एक आदेश में दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने रांची के डिविजनल रेलवे मैनेजर (DRM) को मामले की जांच करने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने का निर्देश दिया।
आदेश के मुताबिक, हटिया से ट्रेन रवाना होने के बाद लोको पायलट ने 'ब्रेक पावर टेस्ट' किया। इस दौरान उन्हें पता चला कि ट्रेन का ब्रेकिंग सिस्टम बेहद खराब स्थिति में है।
रांची पहुंचने पर लोको पायलट ने रेलवे अधिकारियों को इस संबंध में लिखित शिकायत भी दी, लेकिन इसके बावजूद ट्रेन को आगे जाने की अनुमति मिल गई। इसके बाद मुरी स्टेशन से ट्रेन को आगे ले जा रहे दूसरे लोको पायलट ने भी संबंधित कंट्रोलरों को बताया कि ब्रेक पाइप (BP) का प्रेशर कम करने के बावजूद ब्रेक नहीं लग पा रहे हैं।
दक्षिण पूर्व रेलवे ने जांच के दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में स्थित दीन दयाल उपाध्याय (DDU) स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने के बाद अधिकारियों ने रेक की जांच की। इस दौरान सामने आया कि सभी कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम को आइसोलेट कर दिया गया था, जिसके कारण वे काम नहीं कर रहे थे।
शुरुआती जांच में कोच और वैगन मेंटेनेंस स्टाफ, सेक्शन और ट्रैक्शन कंट्रोलर्स के साथ ट्रेन क्रू की लापरवाही सामने आई है। जांच में पाया गया कि ट्रेन रवाना होने से पहले मेंटेनेंस स्टाफ ब्रेक की भौतिक जांच करने में नाकाम रहा।
इसके अलावा, ट्रेन क्रू को वंदे भारत के ब्रेकिंग सिस्टम की पर्याप्त जानकारी नहीं होना भी इस गंभीर चूक की एक वजह माना गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.