मुजफ्फरनगर में छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपी का वीडियो वायरल, दो पुलिसकर्मियों के सहारे चलता दिखा

HIGHLIGHTS
- पुलिस ने आरोपी अरमान पुत्र परवेज को गिरफ्तार किया है।
- आरोपी लुहसाना रोड, सफीपुर पट्टी, कस्बा और थाना बुढ़ाना का निवासी है।
- रविवार देर रात 11:37 बजे पुलिस ने वीडियो जारी किया।
मुजफ्फरनगर। छात्रा से छेड़छाड़ के वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। रविवार देर रात 11:37 बजे पुलिस की ओर से जारी वीडियो में आरोपी की हालत ऐसी दिखाई दे रही है कि वह खुद न तो खड़ा हो पा रहा है और न ही चल पा रहा है।
आरोपी को चलने के लिए दो पुलिसकर्मियों का सहारा लेना पड़ रहा है। वीडियो में दोनों पुलिसकर्मी उसे अपने कंधों के सहारे ले जाते नजर आ रहे हैं। मामला बुढ़ाना क्षेत्र का है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो रविवार देर रात बुढ़ाना कोतवाली परिसर का है। फुटेज में आरोपी बीच में दिखाई देता है, जबकि उसके दोनों ओर मौजूद दो पुलिसकर्मी उसे संभालकर आगे ले जा रहे हैं। इनमें एक पुलिसकर्मी वर्दी में है और दूसरा सिविल ड्रेस में नजर आ रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
यह मामला उस वायरल वीडियो से जुड़ा है, जिसमें एक युवक को स्कूली छात्रा के साथ छेड़छाड़ और मारपीट करते हुए देखा गया था। वीडियो सामने आने के बाद बुढ़ाना पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने मामले में आरोपी अरमान पुत्र परवेज, निवासी लुहसाना रोड, सफीपुर पट्टी, कस्बा और थाना बुढ़ाना को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ थाना बुढ़ाना में मुकदमा अपराध संख्या 447/2026 दर्ज किया गया है। मामले में धारा 74 और 115(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की ओर से जारी वीडियो सामने आने पर मामला एक बार फिर चर्चा में है। वीडियो में आरोपी को पुलिसकर्मियों के सहारे ले जाते हुए देखा जा सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.