लखीमपुर खीरी में खराब सड़क को लेकर ग्रामीणों का विरोध, भाजपा विधायक की कार रोककर किया प्रदर्शन

HIGHLIGHTS
- ग्रामीणों ने मौके पर विधायक को सड़क की स्थिति दिखाई।
- लंबे समय से सड़क खराब होने से आवागमन प्रभावित है।
- बारिश के दौरान पैदल आवाजाही भी मुश्किल हो जाती है।
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के धौरहरा विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की खराब हालत को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आने लगा है। सिसैया खुर्द गांव के बाद अब हसनापुर गांव में भी खस्ताहाल सड़क से परेशान लोगों ने शुक्रवार को भाजपा विधायक विनोद शंकर अवस्थी की कार रोककर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराने की मांग की।
बारिश में बढ़ जाती है परेशानी
ग्रामीणों ने मौके पर विधायक को सड़क की बदहाल स्थिति दिखाई और अपनी समस्याओं से अवगत कराया। उनका कहना था कि लंबे समय से सड़क खराब होने के चलते रोजाना आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है।
विधायक ने बीडीओ से की बात
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने मौके से ही धौरहरा के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को फोन किया। उन्होंने सड़क की मरम्मत के लिए जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विधायक के तत्काल आश्वासन के बाद ग्रामीणों का प्रदर्शन शांत हो गया।
विधायक ने विपक्ष पर लगाया साजिश का आरोप
घटना के बाद विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सिसैया खुर्द और हसनापुर में हुई घटनाएं उन्हें राजनीतिक रूप से बदनाम करने के लिए विपक्ष की सोची-समझी साजिश हैं। विधायक ने कहा कि उन्होंने दोनों गांवों की सड़कों को जल्द ठीक कराने के लिए बीडीओ को निर्देश दे दिए हैं और जल्द ही सड़कें दुरुस्त करा दी जाएंगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.