विश्व पर्यटन दिवस पर नीब करौरी बाबा के स्थलों की यात्रा, यूपीएसटीडीसी ने शुरू किया खास पैकेज

HIGHLIGHTS
- पैकेज के तहत यात्रा की शुरुआत लखनऊ से होगी।
- पर्यटक फर्रुखाबाद, सांकेसा, अकबरपुर, मथुरा और वृंदावन जाएंगे।
- यात्रा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और द्वारकाधीश मंदिर भी शामिल हैं।
विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने नीब करौरी बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों की यात्रा के लिए तीन दिन का विशेष टूर पैकेज शुरू किया है। ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान के तहत यह पैकेज 25 से 27 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटकों को इस पैकेज पर 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी जा रही है।
इस नए टूर पैकेज के जरिए पर्यटकों को नीब करौरी बाबा के जीवन से जुड़े उत्तर प्रदेश के एक कम चर्चित पहलू को जानने का मौका मिलेगा। नीब करौरी बाबा का जन्म फिरोजाबाद जिले के अकबरपुर गांव में हुआ था, जबकि उन्होंने उत्तर प्रदेश के वृंदावन में समाधि ली थी। पर्यटन विभाग अकबरपुर गांव को राज्य के आध्यात्मिक पर्यटन ‘नीब करौरी बाबा’ सर्किट के अहम हिस्से के तौर पर विकसित कर रहा है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस उत्तर प्रदेश के अलग-अलग पर्यटन अनुभवों को दुनिया के सामने रखने का अवसर है। उन्होंने कहा कि नीब करौरी बाबा के जीवन और विरासत में बढ़ती दिलचस्पी आध्यात्मिक पर्यटन के जरिए पर्यटकों को कम चर्चित स्थलों से जोड़ने की संभावनाओं को सामने लाती है। इस विशेष पैकेज के माध्यम से अधिक से अधिक यात्रियों को उत्तर प्रदेश में बाबा से जुड़े स्थलों की यात्रा कराने का प्रयास है।
विश्व पर्यटन दिवस के लिए विशेष रूप से शुरू किए गए इस पैकेज की कीमत 8,500 रुपये रखी गई है। इसकी सामान्य कीमत 16,500 रुपये है, जबकि विशेष अवसर पर पर्यटकों को करीब 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। यह विशेष पैकेज 25 से 27 सितंबर तक उपलब्ध रहेगा।
यात्रा का विवरण
इस यात्रा की शुरुआत लखनऊ से होगी। पहले दिन पर्यटक फर्रुखाबाद पहुंचेंगे, जहां नीब करौरी बाबा आश्रम का भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद यात्री सांकेसा के लिए रवाना होंगे। यात्रा कार्यक्रम में अशोक स्तंभ, बौद्ध स्तूप के साथ प्राचीन बौद्ध अवशेष और मठों का भ्रमण भी शामिल है।
दूसरे दिन यात्री फिरोजाबाद के अकबरपुर गांव जाएंगे, जिसे नीब करौरी बाबा की जन्मस्थली बताया गया है। इसके बाद यात्रा मथुरा और वृंदावन की ओर बढ़ेगी।
मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और द्वारकाधीश मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। वहीं शाम को वृंदावन में प्रेम मंदिर की यात्रा होगी। अंतिम दिन वृंदावन में बाबा की आध्यात्मिक विरासत से जुड़े स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसमें बाबा के समाधि स्थल के अलावा बांके बिहारी मंदिर और इस्कॉन मंदिर की यात्रा भी शामिल है। इसके बाद पर्यटक लखनऊ वापस लौटेंगे।
तीन दिवसीय इस पैकेज में डबल शेयरिंग के आधार पर वातानुकूलित आवास, होटल में नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन, हाई टी, टूर गाइड की सेवाएं और प्रवेश शुल्क शामिल हैं। पैकेज को इस तरह तैयार किया गया है कि पर्यटकों को नीब करौरी बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों की आरामदायक और गाइडेड यात्रा का अनुभव मिल सके।
उत्तर प्रदेश कनेक्शन से परिचित कराने का प्रयास
यूपीएसटीडीसी के चेयरमैन अमृत अभिजात ने कहा कि बाबा की आध्यात्मिक विरासत के बारे में व्यापक स्तर पर जानकारी है, लेकिन उत्तर प्रदेश से उनका संबंध अभी भी कम लोगों को पता है। उन्होंने कहा कि इस पैकेज के जरिए विश्व पर्यटन दिवस पर यात्रियों को बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों की यात्रा कराने और उनके उत्तर प्रदेश कनेक्शन से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।
यूपीएसटीडीसी की असिस्टेंट मैनेजर पूजा ने बताया कि हाल ही में नीब करौरी बाबा से जुड़े पांच टूर पैकेज शुरू किए गए थे, जिन्हें लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली। उनके मुताबिक, रोजाना करीब 150 से 200 फोन कॉल आ रहे थे। खास बात यह रही कि कई लोगों को पहली बार बाबा के उत्तर प्रदेश से जुड़े होने की जानकारी मिली।
लोगों की बढ़ती रुचि और आस्था को देखते हुए विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर विशेष छूट के साथ नया टूर पैकेज शुरू करने का फैसला लिया गया है।
इच्छुक यात्री 9149099890 या 8303019844 पर संपर्क कर पैकेज की बुकिंग करा सकते हैं। बुकिंग से जुड़ी जानकारी upstdc.co.in पर भी उपलब्ध है। वहीं, किसी भी जानकारी या सवाल के लिए uptourslko@upstdc.co.in पर संपर्क किया जा सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.