पीलीभीत में नदियों का बढ़ा जलस्तर, शारदा नदी उफनाई; कक्षा 8 तक के स्कूल बंद

HIGHLIGHTS
- पीलीभीत में बारिश के बाद शारदा और देवहा नदियों का जलस्तर बढ़ा, शारदा नदी उफान पर नजर आई।
- वनबसा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद कलीनगर और पूरनपुर क्षेत्र में नदी का प्रवाह तेज हुआ, हालांकि अभी बाढ़ की स्थिति नहीं बनी है।
- जलभराव को देखते हुए कक्षा 8 तक के सभी स्कूल 21 जुलाई को बंद रखने का आदेश जारी किया गया।
पीलीभीत: बारिश के बाद पीलीभीत जिले की नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। सोमवार को वनबसा बैराज से एक लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद शारदा नदी का जलस्तर बढ़ गया और नदी उफान पर आ गई। इसका असर कलीनगर और पूरनपुर क्षेत्र में देखने को मिला। हालांकि विभाग के अनुसार अभी जिले में बाढ़ जैसे हालात नहीं बने हैं।
वहीं, देवहा नदी में भी पांच हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूल 21 जुलाई को बंद रखने का आदेश जिलाधिकारी ने जारी किया है।
शारदा नदी का बढ़ा प्रवाह, ग्रामीणों में चिंता
जानकारी के अनुसार, सोमवार को ड्यूनी डैम से देवहा नदी में पांच हजार क्यूसेक और वनबसा बैराज से शारदा नदी में 97 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे देवहा नदी की स्थिति सामान्य बनी रही, लेकिन देर शाम शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा।
कलीनगर क्षेत्र के नौजल्हा नंबर दो, गभिया सहराई, नगरिया खुर्द कला और रमनगरा समेत कई गांवों की सीमा में नदी का बहाव तेज दिखाई दिया। नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई और लोग शारदा नदी की स्थिति पर नजर बनाए रहे। हालांकि अभी तक किसी क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति नहीं बनी है।
कक्षा आठ तक के स्कूल रहेंगे बंद
लगातार बारिश के बाद जलभराव की स्थिति को देखते हुए मंगलवार को परिषदीय, सहायता प्राप्त और अन्य सभी बोर्डों के कक्षा आठ तक के स्कूल बंद रहेंगे। जिलाधिकारी के आदेश के बाद बीएसए रोशनी सिंह ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।
एसडीएम ने तटवर्ती इलाकों में तैयारियों का लिया जायजा
कलीनगर के एसडीएम प्रमेश कुमार ने नायब तहसीलदार अक्षय यादव के साथ शारदा नदी के किनारे बसे क्षेत्रों का दौरा किया। महाराजपुर स्थित बाढ़ शरणालय में ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर बाढ़ से बचाव की तैयारियों की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने लोगों को जरूरी जानकारी देते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। नदी का जलस्तर बढ़ने पर घबराने की जरूरत नहीं है और प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं का लाभ उठाएं। साथ ही बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शारदा और देवहा नदी की स्थिति अभी सामान्य है। फिलहाल खतरे जैसी कोई स्थिति नहीं है। अधिकारियों को लगातार निरीक्षण कर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.