रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी की तारीख तय, 4 दिसंबर को लखनऊ में लेंगे सात फेरे

HIGHLIGHTS
- प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज ने तारीख की पुष्टि की है।
- दोनों की सगाई जून 2025 में लखनऊ के सेंट्रम होटल में हुई थी।
- रिंकू सिंह के पिता खानचंद का 27 फरवरी 2026 को निधन हुआ था।
क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की शादी की तारीख तय हो गई है। रिंकू सिंह और प्रिया सरोज 4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में विवाह करेंगे। दोनों परिवारों की ओर से शादी की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
प्रिया सरोज के पिता और पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने शादी की तारीख की पुष्टि की है। हालांकि, रिंकू सिंह के परिवार की ओर से अभी तारीख को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।
रिंकू और प्रिया की शादी तक पहुंचने का सफर भी कई उतार-चढ़ाव से गुजरा है। जून 2025 में दोनों की सगाई लखनऊ के सेंट्रम होटल में हुई थी। इसके बाद दिसंबर 2025 में शादी की तारीख तय होने की चर्चा थी, लेकिन क्रिकेट मैचों के चलते कार्यक्रम आगे बढ़ गया।
बाद में फरवरी 2026 में शादी होने की बात सामने आई थी। इसी बीच 27 फरवरी 2026 को रिंकू सिंह के पिता खानचंद का निधन हो गया। पिता के निधन के बाद शादी की तारीख फिर टलती रही। अब 4 दिसंबर की तारीख सामने आई है।
रिंकू-प्रिया की शादी में क्रिकेट और सिनेमा जगत की हस्तियां होंगी शामिल
लखनऊ में 4 दिसंबर को होने वाली रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी में क्रिकेट, सिनेमा और राजनीति से जुड़ी कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की बात कही जा रही है।
शादी समारोह में सिने अभिनेता शाहरुख खान, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, भारतीय क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर, विराट कोहली, रोहित शर्मा और बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला समेत अन्य क्रिकेट सितारों के पहुंचने की बात सामने आ रही है।
अलीगढ़ में होगा रिसेप्शन
लखनऊ में शादी के बाद अलीगढ़ में रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। रिंकू सिंह के घर के पास स्थित होटल यश रेजीडेंसी, पारस ज्योति और गोल्डन स्टोन में से किसी एक में रिसेप्शन होने की बात सामने आ रही है। इन होटलों के मालिकों से बातचीत चल रही है।
नवंबर में शादी करेंगे मंत्री संदीप सिंह
प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह के घर भी नवंबर में शादी की तैयारियां चल रही हैं। 27 नवंबर को उनके जीवन की नई शुरुआत होगी। पूर्व सांसद राजवीर सिंह और पूर्व विधायक प्रेमलता कटियार के परिवार में शादी की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह भी इसी दिन विवाह के बंधन में बंधेंगे। शादी के लिए मेहमानों की सूची तैयार की जा रही है। परिवार और करीबियों के अलावा राजनीतिक जगत से जुड़े लोगों को भी आमंत्रित करने की तैयारी है।
हालांकि, विवाह समारोह लखनऊ में होगा या दिल्ली में, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.