भाजपा के साथ सियासी पारी शुरू करेंगे मोहम्मद शमी? हसीन जहां भी अमरोहा में मुकाबले को तैयार

HIGHLIGHTS
- भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की राजनीति में आने को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
- 20 सितंबर को शमी ने दिल्ली में रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात की थी।
- जयंत चौधरी ने मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की थी।
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी इन दिनों क्रिकेट के साथ-साथ अमरोहा की राजनीति को लेकर भी चर्चा में हैं। पहले राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी और अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ उनकी मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कयास लगाए जा रहे हैं। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि शमी रालोद में शामिल होंगे या भाजपा के साथ अपनी राजनीतिक पारी शुरू करेंगे।
पहले जयंत चौधरी से हुई थी मुलाकात
दरअसल, 20 सितंबर को मोहम्मद शमी ने दिल्ली में जयंत चौधरी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात की तस्वीर जयंत चौधरी ने खुद सोशल मीडिया पर साझा की थी। इसके बाद अटकलें लगने लगी थीं कि शमी 2027 के विधानसभा चुनाव में अमरोहा सदर सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, बाद में रालोद की ओर से साफ किया गया था कि शमी अमरोहा में खेल सुविधाओं के विकास के लिए सांसद निधि से डेढ़ करोड़ रुपये देने पर आभार जताने पहुंचे थे। पार्टी ने बताया था कि इस मुलाकात के पीछे कोई राजनीतिक मकसद नहीं था।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात के बाद चर्चाएं तेज
अब रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ शमी की मुलाकात की चर्चा ने राजनीतिक अटकलों को एक बार फिर हवा दे दी है। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी मौजूद थे। हालांकि, शमी ने अभी तक भाजपा में शामिल होने या चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। वहीं, सोशल मीडिया पर उनके समर्थक भी इस मुलाकात को लेकर तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं।
पत्नी हसीन जहां भी दे चुकी हैं चुनाव लड़ने की चुनौती
कुछ लोगों का कहना है कि अगर शमी भाजपा में शामिल होते हैं तो उन्हें हर मैच में खेलने का मौका मिल जाएगा। इस टिप्पणी को भारतीय टीम में उनके चयन को लेकर तंज के तौर पर भी देखा जा रहा है। दूसरी ओर, शमी की पत्नी हसीन जहां भी उनके राजनीति में आने की चर्चाओं के बीच पहले ही चुनौती दे चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि अगर शमी या उनके भाई हसीब अमरोहा से चुनाव लड़ते हैं तो वह भी उनके खिलाफ चुनाव मैदान में उतरेंगी। किसी राजनीतिक दल से टिकट नहीं मिलने पर वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी।
राजनीति में आने पर अब तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं
अमरोहा के सहसपुर अलीनगर के रहने वाले मोहम्मद शमी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी तेज गेंदबाजी के दम पर देश और दुनिया में पहचान बना चुके हैं। ऐसे में उनके राजनीति में आने की संभावनाओं को लेकर स्थानीय स्तर पर भी लोगों की दिलचस्पी बनी हुई है। हालांकि, फिलहाल रालोद और भाजपा से जुड़ने को लेकर चल रही चर्चाएं केवल अटकलें ही हैं। शमी की ओर से कोई औपचारिक राजनीतिक घोषणा नहीं की गई है, इसलिए अभी यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह राजनीति में कदम रखेंगे या नहीं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्रिकेट के मैदान पर अपनी गेंदबाजी से पहचान बनाने वाले शमी सियासत की पिच पर उतरते हैं या फिर उनकी मुलाकातों को लेकर चल रही चर्चाएं यहीं तक सीमित रहती हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.