पीएम मोदी के जन्मदिन पर योगी आदित्यनाथ ने दी शुभकामनाएं, बोले- 'नए भारत के शिल्पी'

HIGHLIGHTS
- पीएम मोदी का आज 76वां जन्मदिन मनाया जा रहा है।
- भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चला रही है।
- लखनऊ में 25 सितंबर से 2 अक्तूबर तक 200 घंटे का सफाई अभियान होगा।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ-यशस्वी जीवन की कामना की।
'नए भारत के शिल्पी' हैं प्रधानमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि 145 करोड़ भारतीयों के जीवन में सुख, समृद्धि, सुरक्षा और स्वाभिमान का नवप्रभात लाने के लिए अविराम राष्ट्रयज्ञ में समर्पित, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता, 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के स्वप्नद्रष्टा, 'नए भारत के शिल्पी' और हमारे मार्गदर्शक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई।
नवीन कीर्तिमान स्थापित कर रहा भारत
मुख्यमंत्री ने लिखा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ के पावन संकल्प, कर्मनिष्ठा और लोक-कल्याण के प्रति प्रधानमंत्री का समर्पित जीवन 'विकसित भारत' के ध्येय को साकार करने का प्रेरणास्रोत है। आपके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के नवीन कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम से प्रधानमंत्री को उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ व यशस्वी जीवन प्रदान करने की प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 76वां जन्मदिन है। इस अवसर पर भाजपा की ओर से देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक देशभर में 'सेवा संकल्प अभियान' चला रही है। इस मौके पर अलग-अलग दलों के नेताओं ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके स्वस्थ जीवन की कामना की।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी एक्स पर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी को जन्मदिन की बधाई और स्वस्थ एवं सक्रिय सार्थक जीवन के लिए शुभकामनाएं।
देश को 'विश्व गुरु' बनाने की दिशा में मार्गदर्शन करते रहें
अयोध्या की जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। यह उनके 25 वर्षों के समर्पित सेवा-कार्य का भी प्रतीक है, जिसमें उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र, राज्य और पूरे देश के लिए काम किया है।
उन्होंने कहा कि इस अवसर को मनाने के लिए मेयर के नेतृत्व में यह तय किया गया कि सबसे उपयुक्त सम्मान एक स्वच्छता अभियान होगा। इस अभियान के माध्यम से भगवान राम से प्रार्थना की जा रही है और प्रधानमंत्री के लिए लंबी और स्वस्थ आयु की कामना की जा रही है, ताकि वे देश को 'विश्व गुरु' बनाने की दिशा में मार्गदर्शन करते रहें।
अयोध्या के मेयर बोले- मां भारती की सेवा के लिए समर्पित रहें पीएम मोदी
अयोध्या के महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा, "प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर हम 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान चला रहे हैं। इसी संकल्प के तहत, आज हम अपने शहर के लता मंगेशकर चौक पर एक विशेष सफाई अभियान चला रहे हैं; इस प्रयास के ज़रिए हम न सिर्फ़ शहर की सफ़ाई कर रहे हैं, बल्कि अपने प्रधानमंत्री के लिए दिल से प्रार्थना भी कर रहे हैं कि वे 'माँ भारती' की सेवा के लिए वैसे ही समर्पित रहें जैसे अब तक रहे हैं, और देश को 'विकसित भारत' बनाने की दिशा में मजबूती से आगे ले जाते रहें।"
पीएम के जन्म दिवस पर शहर में होंगे विविध आयोजन, सेवा संकल्प के रूप में बनेगा दिवस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर नगर निगम गुरुवार से 17 अक्तूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान-2026’ चलाएगा। अभियान के दौरान शहर में सफाई, श्रमदान और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम होंगे। बुधवार को महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की रूपरेखा तय की गई।
अभियान की शुरुआत नगर निगम क्षेत्र की नालियों और सीवर लाइनों की सफाई से होगी। प्रत्येक वार्ड में एक नोडल अधिकारी इसकी निगरानी करेगा। सभी आठ जोनों में विशेष स्वच्छता और श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘संकल्प फॉर वे ऑफ लाइफ’ के तहत आरडब्ल्यूए और एनजीओ के सदस्य दीप प्रज्वलित करेंगे।
25 सितंबर से दो अक्तूबर तक 200 घंटे का वृहद सफाई अभियान चलाया जाएगा। जलकल विभाग की ओर से पानी की टंकियों की भी सफाई की जाएगी। 27 सितंबर से 17 अक्तूबर तक एकल उपयोग प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलेगा।
विश्व पर्यटन दिवस पर शहर के सभी पर्यटन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। 17 अक्तूबर तक प्रत्येक जोन में सफाई मित्रों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर तीन लाख दीप जलेंगे
एलडीए की ओर से बुधवार शाम सात बजे राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर तीन लाख दीप जलाए जाएंगे। एलडीए उपाध्यक्ष ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। उप मुख्यमंत्री और कई मंत्री भी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
आयोजन की तैयारियों में एलडीए की पूरी टीम जुटी रही। सूत्रों के मुताबिक, इसी कार्यक्रम के चलते राष्ट्र प्रेरणा स्थल को तीन दिन के लिए आम लोगों के लिए बंद किया गया है।
भाजपा करेगी सेवा कार्य
भाजपा महानगर इकाई की ओर से ‘सेवा और समर्पण के 25 वर्ष-सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अस्पतालों में फल वितरण और रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सिविल अस्पताल में मरीजों को फल वितरित करेंगे। महानगर के अन्य अस्पतालों में भी जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता सेवा कार्यों में शामिल होंगे।
अभियान के तहत सभी बूथों पर 200 लाभार्थियों के घर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। झूलेलाल वाटिका में संगठन महामंत्री धर्मपाल दीप प्रज्वलित करेंगे, जबकि सेंट्रल पार्क, समर विहार में महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी मौजूद रहेंगे।
विश्वविद्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी शामिल होंगे। इसके अलावा दस प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.