यूपी में बारिश का दौर जारी, कई जिलों में भारी बरसात; 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी

HIGHLIGHTS
- यूपी में कई जिलों में बारिश से राहत, मिर्जापुर में सबसे ज्यादा 190 मिमी वर्षा दर्ज।
- मौसम विभाग ने बुधवार को 10 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया।
- 26 जुलाई से प्रदेश में मानसून के फिर सक्रिय होने और बारिश बढ़ने की संभावना जताई गई।
उत्तर प्रदेश में मंगलवार को तराई, पश्चिमी जिलों और पूर्वांचल के कई हिस्सों में मौसम का असर देखने को मिला। कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश दर्ज की गई। मिर्जापुर, शाहजहांपुर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, संभल, चित्रकूट और बलिया समेत कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। बारिश के चलते प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में गिरावट आई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर और बुंदेलखंड क्षेत्र समेत 10 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 23 से 25 जुलाई के बीच प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है। हालांकि बुंदेलखंड के अलावा सोनभद्र और मिर्जापुर जैसे दक्षिणी जिलों में बारिश जारी रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 26 जुलाई से मानसून फिर सक्रिय हो सकता है और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की रफ्तार बढ़ने के आसार हैं।
मंगलवार को मिर्जापुर में सबसे अधिक 190 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं शाहजहांपुर में 125 मिमी, सिद्धार्थनगर में 120.8 मिमी और गोरखपुर में 111 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कई अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
लखनऊ में बारिश पर लगेगा ब्रेक
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही और आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर के समय कुछ देर के लिए धूप निकलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। शाम को हुई हल्की बारिश से मौसम फिर सुहावना हो गया और लोगों को उमस से राहत मिली।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को लखनऊ में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों तक मानसूनी गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। हालांकि 26 जुलाई से राजधानी में फिर से अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सोमवार की तुलना में 5.2 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.