बिलासपुर: सड़को पर जल्द ही फिर चलेगी सिटी बस

एक बार फिर शहर में सिटी बस चलाने की कवायद शुरू कर दी गई है। शासन ने 14 मार्च को नगर निगम बिलासपुर से सिटी बस संचालन को लेकर जरूरी जानकारी भेजने को कहा। इसके बाद नगर निगम ने शासन को भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि वर्तमान स्थिति में सिटी बस सेवा शुरू करने के लिए कम से कम दो करोड़ 83 लाख का खर्च आएगा। इसके बाद ही बसों का संचालन संभव होगा।

निगम प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार शासन ने 14 मार्च को सिटी बस सेवा शुरू करने से पहले जरूरी जानकारी भेजने को कहा। निगम ने पत्र का जवाब भेज दिया है। पत्र में निगम प्रशासन ने शासन को बताया कि करीब दो साल से बस का संचालन नहीं किया जा रहा है। इसके चलते टायर, बैटरी समेत बहुत से सामान खराब हो चुके हैं। सभी बसों के रंग रोगन की जरूरत है। इसमें कुल दो करोड़ 83 लाख रुपये खर्च होंगे। निगम प्रशासन ने रिपोर्ट के माध्यम से राज्य शहरी विकास अभिकरण को बताया कि खर्च में आरटीओ टैक्स भी शामिल है।

निगम प्रशासन के अनुसार बिलासपुर में मार्च 2020 तक सिटी बस संचालन श्रीजगदम्बा एजेंसी के माध्यम से संचालित किया जा रहा था। लाकडाउन के बाद बसों का संचालन आम जनता के लिए बंद कर दिया गया। इसी दौरान सिटी बस संचालक बेंगलुरु निवासी सुनील छात्रा का निधन हो गया। परिवार के सदस्यों ने कुछ दिनों बाद सिटी बस सेवा संचालन किया। इसके बाद उन्होंने अपनी असमर्थता जाहिर कर दी थी।

डिपो प्रभारी अनुपम तिवारी ने बताया कि बिलासपुर डिपो में एसएमएल और टाटा की कुल 40 बसें हैं। इसमें 10 एसी और 40 बस नान एसी हैं। उम्मीद है कि जल्द ही एक बार फिर मरम्मत के बाद बिलासपुर से सीपत लुतरा, मल्हार, रतनपुर, सेंदरी, तखतपुर, कोटा, चकरभाठा, बिल्हा के लिए 20 सिटी बस सेवा का संचालन शुरू हो जाएगा।

जानकारी सुडा के पास पहुंची

निगम कमिश्नर अजय त्रिपाठी ने बताया कि शहरी विकास अभिकरण ने सिटी बसों की स्थिति की जानकारी भेजने को कहा। निगम ने रिपोर्ट सुडा के हवाले कर दिया है। बस की मरम्मत और खराब हो चुके सामान को बदलने को कहा गया है। करीब दो करोड़ 83 लाख रुपये खर्च होंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही बस सेवा का संचालन शुरू होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here