लिंगियाडीह के राधा विहार और सुंदर नगर के रहवासियों ने कलेक्टर से लेकर निगम आयुक्त और विधायक, पार्षद से सड़क और पुलिया बनवाने कई बार गुहार लगाई। लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। ऐसे में दोनों कालोनी के लोगों ने मिलकर पैसे एकत्र किए। इसके बाद आने जाने के लिए पुलिया और सड़क बना दी।

नगर निगम के वार्ड नंबर 50 के रहने वाले चंद्रकांत साहू ने बताया कि कालोनी में आने जाने के लिए अच्छी सड़क नहीं थी। बीच में नाला होने के कारण लोगों को वहां से गुजरने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कालोनी के कई महिलाएं व युवतियां स्कूटी से प्रतिदिन ड्यूटी जाती थी।

तब उन्हें कच्ची सड़क से गुजरना पड़ता था। सड़क नहीं होने के कारण उन्हें प्रतिदिन दिक्कत होती थी। कालोनीवासियों ने कई बार कलेक्टर डा. सारांश मित्तर से लेकर निगम आयुक्त, विधायक, वार्ड पार्षद से मिलकर सड़क और पुलिया बनवाने की मांग की थी। हर बार जिम्मेदार अधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने सिर्फ आश्वासन देते रहे, लेकिन किसी ने काम नहीं किया। इसके बाद राधा विहार और सुंदर विहार के लोगों ने मिलकर पैसा एकत्रित किया। खुद के प्रयास से पुलिस और सड़क निर्माण करवा दी। अब वहां से आराम से आना जाना कर पा रहे हैं। अभी भी पक्की सड़क निर्माण के लिए निगम आयुक्त और जनप्रतिनिधियों पर निर्भर हैं।

नहर रोड लिंगियाडीह के संबंध में बार-बार जिला प्रशासन को मरम्मत के लिए अवगत कराया गया, लेकिन इसका फायदा नहीं मिला। जर्जर सड़क के चलते महिलाएं दुर्घटना के शिकार हो रही थीं। इसके बाद राधा विहार और सुंदर नगर के लोगों ने खुद आर्थिक सहयोग कर पुलिया निर्माण कर गिट्टी व मुस्र्म गिरवाकर सड़क बनवाई है। अब वहां से आने जाने में कोई दिक्कत नहीं है। पक्की सड़क के लिए प्रशासन से मांग किया जाएगा।