सेंट्रल जेल में क्षमता से कैदी होने के कारण कई प्रकार के परेशानी हो रही है। इस समस्या को दूर करने करने के लिए जेल में 20 नए बैरक बनाए जाएंगे। नए बैरक में एक हजार कैदियों को रखने की क्षमता होगी। निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। शनिवार को जेल डीजी संजय पिल्ले औचक निरीक्षण करने सेंट्रल जेल पहुंचे। उन्होंने करीब डेढ घंटे तक जेल परिसर का निरीक्षण किया। यहां संचालित उद्योग और कैदियों से मुलाकात कर चर्चा की। अधिकारियों के व्यवहार के बारे में पूछताछ की। साथ ही उन्होंने भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली।
जेल डीजी पिल्ले ने कहा कि सेंट्रल जेल में 20 और बैरक बनाए जाएंगे। इससे एक हजार कैदियों को रखने की क्षमता बढ़ेगी। जेल के भीतर कैदी आराम से समय गुजारेंगे। डीजी पिल्ले ने जेल प्रबंधन से कैदियों के रिकार्ड के बारे में जानकारी ली। इसके बाद सभी बैरकों का निरीक्षण किया। उन्होंने जेल परिसर में साफ सफाई रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए गाइडलाइन का पालन करने के लिए कहा। कैदियों को स्वास्थ्य को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। किसी भी कैदी की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल इलाज की व्यवस्था करने को कहा। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक एसएस तिग्गा व अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।