नई दिल्ली। राजधानी में पटाखों पर प्रतिबंध का विवाद अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुँच गया है। इस बीच राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी अपनी राय रखनी शुरू कर दी है। आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि चाहे यमुना किनारे छठ पूजा का आयोजन हो या दिवाली पर पटाखों पर रोक का मामला हो, दोनों ही मामलों पर अदालत की सीधी निगरानी है।

सौरभ भारद्वाज ने बताया कि लगभग एक महीने पहले सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति बी.आर. गवई ने अपने मत में कहा था कि अगर पटाखों पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है, तो यह केवल एनसीआर तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पूरे देश में लागू होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले भी सुप्रीम कोर्ट ने पटाखों पर रोक लगाई थी और अब वही अदालत इस प्रतिबंध को या तो हटाने या जारी रखने का फैसला ले सकती है।