कमला नेहरू अस्पताल, शिमला में शुक्रवार सुबह एक महिला की प्रसव के बाद मौत हो जाने से परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। जानकारी के अनुसार, चियोग (फागू) की रहने वाली 28 वर्षीय महिला ने गुरुवार रात करीब 11:17 बजे सिजेरियन ऑपरेशन से एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया था।
परिजनों का कहना है कि प्रसव के बाद महिला की तबीयत सामान्य थी, लेकिन शुक्रवार सुबह उसकी हालत बिगड़ने लगी। इसके बावजूद अस्पताल कर्मियों ने उसे भोजन करने के लिए कहा। परिजनों के अनुसार, भोजन करते समय महिला को सांस लेने में परेशानी हुई और सुबह लगभग 9 बजे उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया।
अस्पताल प्रशासन ने क्या कहा
कमला नेहरू अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुंदर सिंह नेगी ने बताया कि प्रारंभिक रूप से आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत दम घुटने से हुई हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मृत्यु के कारणों की विस्तृत जांच के लिए डॉक्टरों की टीम गठित की गई है और तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम करवाने से इनकार किए जाने के कारण शव की मेडिकल जांच नहीं हो सकी। डॉक्टर ने यह भी बताया कि महिला की यह दूसरी डिलीवरी थी और पहले किसी जटिलता का रिकॉर्ड नहीं था। प्रसव के बाद महिला की हालत सामान्य मानी जा रही थी। वहीं, नवजात शिशु की स्थिति ठीक है और डॉक्टरों की निगरानी में है।