सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। सहारनपुर में एक शादी समारोह में पहुंचे अखिलेश ने कहा कि केंद्र सरकार के बजट से निराशा हाथ लगी है। प्रदेश सरकार भी बजट में क्या देगी, सारा पैसा तो कुंभ पर लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव इंडिया गठबंधन ही लड़ेगा।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रुद्रसैन की बेटी के शादी समारोह में अंबाला रोड स्थित एक रिसोर्ट में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शामिल हुए। इस दौरान सियासी तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा के लोग कहते थे भारत विश्व गुरु बन गया है। लेकिन अब दुनिया में बेड़ियों और हथकड़ियों का डंका बज रहा है। पूरा बाजार अब दूसरे देश के हाथों में है। अखिलेश ने कुंभ की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रयागराज में जाम लग रहा है। लोग हाउस अरेस्ट हो रहे हैं। प्रचार कर दिया कि 144 साल बाद कुंभ हो रहा है। सम्राट हर्षवर्धन ने कुंभ शुरू किया था। सरकार ऐसा प्रचार कर रही है कि जैसे यह महाकुंभ उन्होंने शुरू किया हो। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार सामाजिक कार्यक्रमों में मुनाफा ढूंढ रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि बड़ी संख्या में बुजुर्ग कुंभ में डुबकी नहीं लगा पाए हैं। हम चाहते हैं कि कुंभ की तारीख बढ़ाई जाए। पहले 75 दिन का कुंभ होता था। प्रयागराज की हालत खराब हो गई है। दो-दो प्रदेशों के मुख्यमंत्री जाम खुलवा रहे हैं, जबकि यह काम ट्रैफिक पुलिस का है।
अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर व्यंग कसते हुए कहा कि महाकुंभ में संगम के सबसे पास स्थित दारागंज के प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन को बंद करके सरकार ने स्वीकार कर लिया है कि वो असफल हो गयी है।
सपा प्रमुख ने मंगलवार को कहा कि सरकार का काम प्रशासन, नियंत्रण और प्रबंधन करना होता है ना कि बंदी या पाबंदी। जैसे नोटबंदी में जनता हैरान-परेशान हुई थी वैसे ही स्टेशन बंदी से भी होगी। प्रभुत्ववादी भाजपाई आम जनता के दुख में अपना सुख ढूंढते हैं। बाकी सरकारें तो जनता के दुखों को कम करने का काम करती हैं लेकिन भाजपा का डबल इंजन, ‘ट्रबल इंजन’ बनकर ऐसे काम ख़ुद करता है। जिससे जनता के दुख-दर्द बढ़े और जनता अपने में ही उलझी रहे, जिससे भाजपाई भ्रष्टाचार की ओर किसी का ध्यान न जा पाए।